
फुलेरा (दामोदर कुमावत)
आल इंडिया रेलवे पेंशनर फेडरेशन द्वारा स्थापना दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में देशभर से जुड़े पेंशनर्स ने भाग लेकर अपनी एकजुटता और अधिकारों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रदर्शन किया।

फेडरेशन के राष्ट्रीय सहायक महामंत्री मुकेश माथुर ने अपने संबोधन में पेंशनर्स की प्रमुख मांगों को विस्तार से रखते हुए बताया कि फेडरेशन द्वारा वेतन आयोग को भेजे गए मेमोरेंडम में कई महत्वपूर्ण मुद्दों को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि पुराने पेंशनर्स के लिए 1 जनवरी 2026 से नोशनल आधार पर वेतन निर्धारण कर नए वेतन आयोग के तहत पेंशन संशोधित की जानी चाहिए। साथ ही, निर्धारित वेतन के आधार पर महंगाई राहत (डीआर) का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने आगे बताया कि पेंशन के कम्यूटेड हिस्से की कटौती को अधिकतम 11 वर्ष तक सीमित करने, स्थायी मेडिकल भत्ता बढ़ाकर ₹5000 प्रतिमाह करने, तथा इसे सवारी भत्ता मानते हुए सभी पेंशनर्स को इसका लाभ देने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई है। इसके अतिरिक्त पेंशनर्स को मकान किराया भत्ता (HRA) देने की मांग भी मेमोरेंडम में शामिल है।
माथुर ने विश्वास जताया कि कॉम शिवगोपाल मिश्रा के नेतृत्व में आगामी आठवें वेतन आयोग के समक्ष पेंशनर्स के हितों को मजबूती से रखा जाएगा और न्यायसंगत निर्णय की दिशा में सार्थक प्रयास किए जाएंगे।कार्यक्रम में जोनल महामंत्री आर. के. सिंह, कार्यवाहक अध्यक्ष महेश सहाय शर्मा, अवतार सिंह, एस. के. माथुर, विनीत मान तथा यूनियन मंडल सचिव राकेश यादव सहित कई पदाधिकारियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए पेंशनर्स के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प दोहराया।

इससे पूर्व फेडरेशन द्वारा एक विशाल रैली का आयोजन किया गया, जिसमें कड़ी धूप के बावजूद बड़ी संख्या में पेंशनर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के माध्यम से पेंशनर्स ने अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता और मजबूत इरादों का परिचय दिया।
स्थापना दिवस के अवसर पर अजमेर, जोधपुर और बीकानेर सहित विभिन्न शहरों में भी कार्यक्रम आयोजित कर फेडरेशन के उद्देश्यों को मजबूती प्रदान की।

Author: Aapno City News




