
फुलेरा (दामोदर कुमावत) आगामी पंचायती राज चुनावों की आहट के साथ ही फुलेरा विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सांभर लेक एवं रेनवाल पंचायत समिति क्षेत्रों को लेकर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी की ओर से एक विशाल और महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में क्षेत्र के सभी वर्गों के युवाओं और कार्यकर्ताओं के भारी उत्साह ने यह साफ कर दिया कि आर एल पी पार्टी इस बार जमीनी स्तर पर बड़ा उलटफेर करने के मूड में है।
इस महत्वपूर्ण बैठक में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के जयपुर जिला प्रभारी छूटन यादव, वरिष्ठ नेता प्रभाती लाल एवं शंकर नारनोलिया सहित क्षेत्र के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारियों और गणमान्य जनों ने शिरकत की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में संयोजक जगदीश ककरालिया, रामपाल रूलानिया, गोपाल नासनवा, मानाराम ठोलिया एवं महेंद्र सामोता ने अग्रिम भूमिका निभाते हुए पूरी निष्ठा और समर्पण से कमान संभाली।

बैठक में विभिन्न पंचायत समितियों के वार्डो और जिला परिषद क्षेत्रों से चुनाव लड़ने के इच्छुक प्रत्याशियों ने वरिष्ठ नेताओं के समक्ष अपनी-अपनी दावेदारी मजबूती से पेश की। नेताओं ने उम्मीदवारों की क्षेत्र में सक्रियता, जनसंपर्क और जनता के बीच उनकी पकड़ का गहन आंकलन किया। बैठक का मुख्य केंद्र बिंदु ग्रामीण विकास जनसेवा और संगठन को बूथ स्तर तक अभेद्य बनाना रहा। कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि वे आमजन की विभिन्न समस्याओं को प्रखरता से उठाएंगे और पार्टी की नीति-रीति को घर-घर तक पहुंचाएंगे। बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों ने एकजुट होकर चुनावी मैदान में फतह हासिल करने का हुंकार भरी, जिससे कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ।

Author: Aapno City News



