
फुलेरा (दामोदर कुमावत)। समाज में शिक्षा की अलख जगाने, समानता का अधिकार दिलाने और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित करने वाले महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले जी की 136वीं पुण्यतिथि के अवसर पर जयपुर में श्रद्धा और सम्मान के साथ पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।

यह आयोजन सैनी (माली) रेलवे कर्मचारी अधिकारी विकास संस्था के तत्वावधान में संपन्न हुआ।कार्यक्रम संस्था के संरक्षक के. एल. भाटी के सानिध्य में आयोजित किया गया। इस दौरान संस्था के पदाधिकारियों और सदस्यों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर महात्मा ज्योतिबा फुले के चित्र पर पुष्प अर्पित की। और उनके संघर्ष व योगदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया।

इस अवसर पर संस्था के संयोजक हुकुमचंद सैनी, अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सैनी, महासचिव हरजीत राम सैनी, कोषाध्यक्ष बृजेश कुमार सैनी, सहायक कोषाध्यक्ष मनोज सैनी, उपाध्यक्ष नरेश सैनी एवं अशोक सैनी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पवन सैनी, दिनेश सैनी, प्रवीण सैनी, कजोड़ सैनी और रामनिवास सैनी समेत कई पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए संस्था के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार सैनी ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले जी ने शिक्षा, सामाजिक समरसता, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने के लिए ऐतिहासिक पहल की। उनके विचार और सिद्धांत आज भी समाज को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने सभी से अपील की कि महात्मा फुले जी की 136वीं पुण्यतिथि पर हम सब शिक्षा को बढ़ावा देने, सामाजिक एकता और समानता को मजबूत करने तथा जरूरतमंदों की मदद करने का संकल्प लें—यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

Author: Aapno City News




