
फुलेरा (दामोदर कुमावत)। जयपुर जिला परिषद के उप प्रमुख पद के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस ने एकतरफा जीत दर्ज करते हुए अपना परचम लहराया है। इंडियन नेशनल कांग्रेस के प्रत्याशी सुनील कुमार कुमावत ने कड़े राजनीतिक समीकरणों के बीच भाजपा प्रत्याशी सीताराम शर्मा को 28 मतों के बड़े अंतर से पराजित कर उप प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा जमाया।

चुनाव परिणाम घोषित होते ही कांग्रेस खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई और समर्थकों ने आतिशबाजी व माला पहनाकर नवनिर्वाचित उप प्रमुख कुमावत का जोरदार स्वागत किया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी संदेश नायक ने बताया कि उप प्रमुख पद के लिए कुल 55 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतगणना के दौरान 54 मत विधिमान्य पाए गए, जबकि 1 मत प्रतिक्षेपित (खारिज) हुआ।

चुनाव में कांग्रेस के सुनील कुमार कुमावत को कुल 41 वोट मिले, जो स्पष्ट बहुमत के आंकड़े से कहीं अधिक थे। वहीं, भाजपा प्रत्याशी सीताराम शर्मा महज 13 मतों पर ही सिमट गए। इस निर्वाचन प्रक्रिया में निविदत्त मतों की संख्या शून्य रही और किसी भी सदस्य ने ‘नोटा’ (NOTA) का विकल्प नहीं चुना।
परिणामों की आधिकारिक घोषणा के तुरंत बाद रिटर्निंग अधिकारी संदेश नायक ने सुनील कुमार कुमावत को जिला परिषद जयपुर का उप प्रमुख निर्वाचित घोषित किया और उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस बड़ी जीत के बाद कुमावत ने सभी जिला परिषद सदस्यों और पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए ग्रामीण विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही।

Author: Aapno City News




