
जनहित में व्यापारियों का बड़ा त्याग,स्टेशन मार्ग अब हुआ 21 फीट चौड़ा।
फुलेरा (दामोदर कुमावत)
फुलेरा रेलवे स्टेशन जंक्शन के आवागमन मार्ग को लेकर लंबे समय से चल रही चर्चाओं और समस्याओं पर आखिरकार आज पूर्ण विराम लग गया। शहर हित और भविष्य की रेल विकास योजनाओं को ध्यान में रखते हुए व्यापार महासंघ, फुलेरा ने एक ऐतिहासिक एवं सराहनीय पहल करते हुए आवागमन मार्ग को चौड़ा करवाने का कार्य सफलतापूर्वक पूरा करवा दिया।

रेलवे विभाग द्वारा लगातार स्थानीय निकाय को मार्ग चौड़ा करने हेतु लिखे जा रहे पत्रों एवं बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए व्यापार महासंघ ने मामले को गंभीरता से लिया। व्यापार महासंघ अध्यक्ष मनोज आहूजा द्वारा गठित समिति ने जंक्शन मुख्य द्वार के दोनों ओर स्थित दुकानदारों से संवाद स्थापित कर वर्तमान परिस्थितियों से अवगत करवाया। समिति की समझाइश और जनहित की भावना को सर्वोपरि रखते हुए दोनों सम्मानित व्यापारियों ने मिसाल पेश की। मुख्य गेट के एक ओर स्थित पान व्यवसायी श्रीमती प्रभा गगरानी ने अपनी कुल 8.2 × 6 फीट दुकान में से 3 फीट हिस्सा जनहित में स्वेच्छा से छोड़ने की सहमति दी,

वहीं दूसरी ओर श्री श्यामलाल पारीक ने अपनी 10 × 6 फीट भूमि में से 4 फीट जमीन निशुल्क दान करने की लिखित घोषणा नगरपालिका कार्यालय में अधिशासी अधिकारी को समिति सदस्यों की मौजूदगी में सौंप दी।इतना ही नहीं, दोनों भामाशाहों ने अपनी दुकानों को तोड़ने और पुनः रिपेयर कराने का संपूर्ण खर्च स्वयं वहन करने की भी घोषणा की, जिसने पूरे शहर में उनकी सराहना और सम्मान को और बढ़ा दिया। मंगलवार को प्रातः 6 बजे से सायं 8 बजे तक दोनों दुकानदारों ने व्यापार महासंघ अध्यक्ष मनोज आहूजा, कोषाध्यक्ष प्यारेलाल कुमावत तथा समिति सदस्य मुकेश सैन की उपस्थिति में तय सीमा तक दुकानों को हटवाकर पुनर्निर्माण कार्य प्रारंभ करवा दिया। इस कार्य के बाद अब जंक्शन आवागमन मार्ग मौके पर 21 फीट चौड़ा हो चुका है, जिसे फुलेरा नगर के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है। व्यापार महासंघ की दूरदर्शिता और सूझबूझ से जहां व्यापारियों पर मंडरा रहा संकट टल गया है, वहीं आमजन को भी अब अधिक सुगम और सुरक्षित आवागमन का लाभ मिलेगा। नगरभर में व्यापार महासंघ द्वारा लिए गए इस जनहितकारी एवं अभूतपूर्व निर्णय की भूरी-भूरी प्रशंसा की जा रही है। व्यापार महासंघ अध्यक्ष मनोज आहूजा ने अधिशासी अधिकारी से दोनों भामाशाहों को नगरपालिका स्तर पर सार्वजनिक रूप से सम्मानित करने की मांग भी की है।

Author: Aapno City News




