
जल एवं पर्यावरण संरक्षण का दिलाया संकल्प।
फुलेरा (दामोदर कुमावत)
श्री यादे माटी कला बोर्ड अध्यक्ष एवं प्रभारी मंत्री प्रहलाद राय टाक के लाडनूं प्रवास के दौरान प्रजापति भवन में समाज बंधुओं की एक विशेष बैठक एवं जनसहभागिता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन, युवा एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री प्रहलाद राय टाक ने युवाओं से जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर समाज एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वरोजगार, तकनीकी कौशल एवं नेतृत्व विकास ही समाज की उन्नति के प्रमुख आधार हैं।

युवाओं को संगठित होकर समाज के सर्वांगीण विकास में योगदान देने की प्रेरणा देते हुए उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जुड़ने का संदेश दिया। इस अवसर पर लालचंद नागपुरिया, कैलाश घोड़ेला, कमल घोड़ेला, रमेश नागपुरिया, संदीप प्रजापत (पार्षद), बाबूलाल प्रजापत (पार्षद), बछराज नागपुरिया (पार्षद), हुलासचंद प्रजापत, अमरचंद, नवीन घोड़ेला, महावीर प्रजापत सहित कार्यकर्ता एवं समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान जल, प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता का संदेश देते हुए श्री टाक ने वृक्षारोपण किया तथा सभी को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया। उन्होंने जल स्रोतों की स्वच्छता एवं संरक्षण, वर्षा जल संचयन तथा अधिकाधिक वृक्षारोपण को समय की आवश्यकता बताते हुए जनभागीदारी बढ़ाने पर बल दिया। साथ ही पक्षियों के लिए परिंडे लगाकर जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता का संदेश भी दिया।इस दौरान उपस्थित लोगों को जल संरक्षण एवं पर्यावरण सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में विद्युत विभाग के एस ई एफ.आर. मीणा, एक्सईएन रामचंद्र जांगलवा, एईएन अवधेश, सचिन अग्रवाल, गोपाल शर्मा, नायब तहसीलदार प्रहलाद राय पारिक सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Author: Aapno City News




