
फुलेरा( दामोदर कुमावत)
अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन एंटी वेनम” अभियान के तहत फुलेरा पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2.48 ग्राम स्मैक व 28,350 रुपये नकद बरामद किए हैं।

जिला जयपुर ग्रामीण में अभियान के तहत 19 मार्च 2026 को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दूदू शिवलाल बेरवा व संभर लेक पुलिस उप अधीक्षक अनुपम मिश्रा के निर्देशन तथा थानाधिकारी फुलेरा राजेंद्र कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कस्बा फुलेरा स्थित मां मीरा गार्डन के पास सार्वजनिक शौचालय के निकट एक युवक स्मैक बेच रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध युवक को पकड़कर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से प्लास्टिक थैली में रखी 37 पुड़िया स्मैक बरामद हुई, जिनका कुल वजन 2.48 ग्राम पाया गया। साथ ही स्मैक बिक्री से संबंधित 28,350 रुपये नकद भी जब्त किए गए। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम विक्रम पुत्र कैलाश, निवासी सांसी बस्ती, जोबनेर रोड, फुलेरा बताया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम में थानाधिकारी राजेंद्र कुमार सहित कांस्टेबल रविन्द्र, रवि कुमार, कमला, अजय कुमार व माया शामिल रहे।

Author: Aapno City News



