

🖊 तेजाराम लाडणवा
मेड़ता सिटी
मीरा की पावन नगरी मेड़ता में भक्ति और श्रद्धा का एक और भव्य अध्याय जुड़ने जा रहा है। आगामी 30 मार्च को शहर में “एक शाम जसोल माजीसा के नाम” विशाल भजन संध्या का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक आयोजन को लेकर शनिवार को चारभुजा नाथ मंदिर प्रांगण में बहुरंगी पोस्टर का विधिवत विमोचन किया गया और इसी के साथ तैयारियों का शुभारंभ हो गया।
कार्यक्रम की मुख्य आयोजक किन्नर समाज की गादीपति राजकुमारी बाई के नेतृत्व में आयोजित पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में संतों, समाजसेवियों और शहर के प्रबुद्ध नागरिकों की उपस्थिति रही। पोस्टर का विमोचन दादू छतरी आश्रम के महंत हरिनारायण महाराज, किन्नर समाज गादीपति राजकुमारी बाई तथा मीरा महिला मंडल की अध्यक्ष उमा शर्मा ‘रजत’ के मुख्य आतिथ्य में किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर माजीसा के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालुओं में आयोजन को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।
जितेंद्र गहलोत ने बताया कि यह भजन संध्या मेड़ता के धार्मिक आयोजनों में एक विशेष पहचान बनाएगी। आयोजन में श्याम मित्र मंडल का विशेष सानिध्य रहेगा। भजन संध्या में देश की ख्यातनाम भजन गायिका आशा वैष्णव और प्रसिद्ध गायक ललित लहरिया सहित कई कलाकार अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे।
आयोजन की भव्यता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इसकी तैयारियां पिछले कई दिनों से युद्ध स्तर पर चल रही हैं। गादीपति राजकुमारी बाई के निर्देशन में मेड़ता शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों और ढाणियों में भी बड़े-बड़े बैनर लगाए जा रहे हैं। 36 कौम को एक जाजम पर लाने के संकल्प के साथ राजकुमारी बाई स्वयं गांव-गांव जाकर लोगों को आमंत्रित कर रही हैं।
व्यवस्थाओं को सुचारू रखने के लिए श्याम मित्र मंडल और किन्नर समाज के सदस्य के साथ-साथ सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी भी लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं, ताकि हजारों की संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। आयोजन स्थल पर बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, पेयजल और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी लगातार बैठकें कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
पोस्टर विमोचन के इस अवसर पर नरेंद्र लाहोटी, रामनवमी महोत्सव समिति के अध्यक्ष मछराज सिखवाल, मीरा महिला मंडल की अध्यक्षता श्रीमती उमा शर्मा रजत युवा समाजसेवी जितेंद्र गहलोत, रवि गहलोत, युवा नेता राजीव पुरोहित, एडवोकेट विमलेश व्यास, मिश्रीलाल बसेटा, ओम सोनी, मुकेश घाची, लंच क्लब मेड़ता की अध्यक्षा पूर्णा सोनी, तारा सोनी, अनिल टाक, श्याम मित्र मंडल के सक्रिय कार्यकर्ता बजरंग सोनी, व राहुल बोराणा, निखिल सोनी, संतोष शर्मा, श्याम वैष्णव और शेखर माली सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।
इस दौरान गादीपति राजकुमारी बाई ने सर्वसमाज को आमंत्रित करते हुए कहा कि माजीसा की भक्ति का यह आयोजन पूरे शहर की खुशहाली, एकता और श्रद्धा का प्रतीक बनेगा। शहर के प्रबुद्ध नागरिकों ने भी राजकुमारी बाई की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वे जिस तरह धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं, वह समाज के लिए प्रेरणादायी है।

Author: aapnocitynews@gmai.com




