
फुलेरा (दामोदर कुमावत) कस्बे के स्कूल खेल मैदान पर स्थित श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर परिसर में स्थित पोषणेश्वर गौरी शंकर मंदिर में आयोजित महा शिवरात्रि महोत्सव क्षेत्र का ऐतिहासिक एवं अविस्मरणीय धार्मिक आयोजन हुआ। जिससे संपूर्ण क्षेत्र हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा और वातावरण पूर्णतः शिवमय हो गया।

कार्यक्रम की शुरुआत रेलवे यार्ड स्थित शिव मंदिर में पंचामृत अभिषेक से हुई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इसके पश्चात स्कूल खेल मैदान स्थित पोषणेश्वर गौरीशंकर महादेव मंदिर में रात्रि में चारों प्रहर भव्य पूजन संपन्न हुआ। प्रत्येक प्रहर में वैदिक मंत्रोच्चार, भव्य श्रृंगार, संकीर्तन, रुद्राभिषेक एवं महाआरती का आयोजन हुआ। शिवभक्तों ने पूरी रात जागरण कर भोलेनाथ की आराधना की।

मंदिर परिसर को पुष्पों एवं दीपों से भव्य रूप से सजाया गया, जिससे मंदिर दिव्य एवं अलौकिक प्रतीत हो रहा था। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण मंदिर परिसर मेले के रूप में परिवर्तित हो गया। प्रातः विशेष महाअभिषेक एवं दोपहर में विशाल महाभोग भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर महाप्रसादी ग्रहण की। कार्यक्रम आयोजक सेवानिवृत ट्रेन मैनेजर गौरीशंकर शर्मा ने कहा कि शिव की भक्ति से जीवन में नूर आता है। भगवान शिव की आराधना से मन, तन और आत्मा पवित्र होती है तथा समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

इस पावन अवसर पर धर्मप्रेमी गौरीशंकर शर्मा, मीना शर्मा, अभिषेक शर्मा, अंजली शर्मा, मयंक शर्मा, आदित्री शर्मा, महेश सहाय, शंकर सहाय, सुनील शर्मा, राधा शर्मा, देवेंद्र गौड, पूनम गौड सहित सैकड़ों की संख्या में गणमान्य नागरिक, प्रबुद्धजन एवं शिवभक्त उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी श्रद्धालुओं ने एक साथ महाप्रसादी ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। इसी प्रकार श्री राम नगर स्थित उमा महेश्वर मंदिर,आकाश टीबा विश्वकर्मा मंदिर स्थित सोमनाथ शिवालय, कुमावत समाज बगीची शिव मंदिर एवं माली मोहल्ला स्थित चमत्कारेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि महापर्व बड़े धूम धाम श्रद्धा भक्ति एवं पूजा अर्चना के साथ नर नारियों द्वारा मनाई गई।

Author: Aapno City News




