

मेड़ता सिटी में 26 जनवरी को गूंजेगा धर्म-ध्वजा — विराट हिंदू सम्मेलन की तैयारियां चरम पर
मेड़ता सिटी

मेड़ता हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति, बजरंग बस्ती की ओर से आगामी 26 जनवरी को आयोजित होने वाले विराट हिंदू सम्मेलन को लेकर शहर में तैयारी की हलचल तेज़ हो गई है। आयोजन स्थल से लेकर घर-घर तक कार्यकर्ता सक्रिय हैं और सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए हर स्तर पर योजनाएं फाइनल की जा रही हैं।
आयोजन समिति के संयोजक नवरत्न मल थामेत एवं सह संयोजक ओमप्रकाश खंडेलवाल ने बताया कि यह सम्मेलन संत-महात्माओं के पावन सानिध्य में संपन्न होगा तथा समाज की सज्जन शक्ति के सहयोग से हिंदू धर्म, संस्कृति और सामाजिक मूल्यों की पुनः स्थापना को समर्पित रहेगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल सम्मेलन नहीं, बल्कि समाज जागरण का महायज्ञ है।
भूमिपूजन से लेकर हनुमान चालीसा तक—भक्ति रस में डूबा आयोजन क्षेत्र
सम्मेलन की पूर्व भूमिका के तहत भूमि पूजन, प्रभात फेरी, हनुमान चालीसा पाठ सहित विभिन्न धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रम संपन्न हो चुके हैं, जिनसे बस्ती और आसपास के क्षेत्रों में धार्मिक माहौल निर्मित हुआ है।
इसी कड़ी में 24 जनवरी को अपराह्न सवा 3 बजे शहरभर में भव्य वाहन रैली निकाली जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु व युवा हिस्सा लेंगे।
कलश यात्रा बनेगी मुख्य आकर्षण
मुख्य कार्यक्रम 26 जनवरी को आयोजित होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 1:30 बजे कलश यात्रा राम मंदिर से शुरू होकर श्री परशुराम वाटिका तक पहुंचेगी। पारंपरिक वेशभूषा, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों से सजी यह यात्रा सम्मेलन का प्रमुख आकर्षण होगा।
संतों के प्रवचनों से सजेगी धर्मसभा
कलश यात्रा के उपरांत दोपहर 2:15 बजे से श्री परशुराम वाटिका में संत रमणदास महाराज (रामधाम देवल मेड़ता सिटी) एवं रामदास महाराज (देवरी नाड़ी) के सानिध्य में धर्मसभा आयोजित होगी। सम्मेलन में धर्म, संस्कृति, राष्ट्रभावना और समाज सुधार के विषयों पर प्रवचन होंगे।
जन-जागरण अभियान—सम्मेलन में उमड़ेगी भीड़
बस्ती प्रमुख श्रवण पूरी लिलिया ने बताया कि सम्मेलन को लेकर कार्यकर्ता घर-घर संपर्क अभियान में जुटे हुए हैं और अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए समाज के सभी वर्गों से संवाद किया जा रहा है। उम्मीद है कि सम्मेलन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, युवक-युवतियां एवं वरिष्ठ नागरिक शामिल होंगे।

Author: aapnocitynews@gmai.com




