

तेजाराम लाडणवा
सूरतगढ़
क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को लेकर विधायक डूंगरराम गेदर ने जयपुर में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के सचिव से मुलाकात कर किसानों की विभिन्न मांगों को प्रमुखता से उठाया। विधायक गेदर ने गेहूं खरीद की मौजूदा व्यवस्था में आ रही परेशानियों को गंभीरता से रखते हुए किसानों के हित में शीघ्र राहत देने की मांग की।
विधायक गेदर ने सचिव को सौंपे पत्र में गेहूं खरीद की समय सीमा 30 जून 2026 तक बढ़ाने, खरीद लक्ष्य में वृद्धि करने, खरीद केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में बारदाना उपलब्ध करवाने तथा जिन किसानों का पंजीकरण शेष है उनके लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया दोबारा शुरू कर समय बढ़ाने की मांग रखी।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में कई किसान खरीद केंद्रों पर अपनी उपज बेचने के लिए पहुंच रहे हैं, लेकिन सीमित खरीद लक्ष्य, बारदाने की कमी और रजिस्ट्रेशन संबंधी बाधाओं के कारण उन्हें समर्थन मूल्य (MSP) पर गेहूं बेचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
विधायक गेदर ने कहा कि किसान लंबे समय से अपनी उपज बेचने का इंतजार कर रहे हैं और यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो बड़ी संख्या में किसान MSP के लाभ से वंचित रह जाएंगे। उन्होंने किसानों की सुविधा और हित को सर्वोपरि बताते हुए विभाग से तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।
खाद्य विभाग के सचिव ने विधायक द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना और किसानों के हित में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। विधायक की इस पहल से क्षेत्र के किसानों में उम्मीद जगी है कि गेहूं खरीद से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान निकल सकेगा।


Author: aapnocitynews@gmai.com




