
रूण फखरूदीन खोखर
अष्टधातु की अश्वारोही प्रतिमा के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब
रूण.धार्मिक आस्था और लोक संस्कृति के केंद्र गांव रूण में आज का दिन इतिहास के पन्नों में दर्ज होगा, रविवार को सुबह आराध्य देव भोमियासा महाराज की दिव्य अष्टधातु से निर्मित भव्य अश्वारोही प्रतिमा का मंगलमय नगर प्रवेश हुआ तो इस ऐतिहासिक और भक्तिमय पल का साक्षी बनने के लिए हजारों की संख्या में रूण- इंदोकली सहित पूरा क्षेत्र उमड़ पड़ा और समूचा गांव भोमियासा महाराज के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

इस भव्य कार्यक्रम का शुभारंभ मंगल मार्केट रूण से हुआ, जहां सुबह से ही ग्रामीणों का भारी हुजूम जुटना शुरू हो गया था। जैसे ही भोमियासा महाराज की नयनाभिराम अश्वारोही प्रतिमा मंगल मार्केट पहुंची, वहां उपस्थित हजारों ग्रामीणों ने श्रद्धा और सम्मान के साथ प्रतिमा की फूलों से बरसात करके अगवानी की। इसके बाद यहां से एक विशाल और भव्य शोभायात्रा की शुरुआत हुई। इस मंगल प्रवेश के दौरान एक तरफ जहां मातृशक्ति के सिर पर सजे मंगल कलश और पारंपरिक वेशभूषा हवा में भक्ति के रंग बिखेर रही थी, वहीं दूसरी ओर बैंड-बाजों की मधुर धुनों और डीजे पर गूंजते भजनों ने माहौल को पूरी तरह से आध्यात्मिक बना दिया।

हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में यह शोभायात्रा मंगल मार्केट से रवाना होकर मुख्य बस स्टैंड, नया बाजार,सोनी चौक,मुख्य बाजार से गुजरी, पूरे मार्गो में ग्रामीणों ने जगह-जगह पलक-पावड़े बिछाकर, फूल बरसा कर प्रतिमा का भव्य स्वागत किया और अपनी गहरी आस्था प्रकट की। नगर भ्रमण कराते हुए यह अलौकिक यात्रा अंततः भोमियासा महाराज के मंदिर पहुंची, जहां प्रतिमा को ससम्मान स्थापित करने की आगे की प्रक्रियाएं शुरू की गईं और मंदीर समिति द्वारा सभी श्रद्धालुओं को प्रसादी का वितरण किया गया।

*भामाशाहों ने बांटे कलश और चुंदड़ी*
इस धार्मिक अनुष्ठान को भव्यता प्रदान करने में हजारों की संख्या में कलश यात्रा में भाग लेनेवाली महिलाओं को चुंदड़ी और कलश स्थानीय समाज सेवी पनालाल सेवक, सत्यनारायण सेवक ,विनोद कुमार सेवक द्वारा बांटे गए।

श्रद्धालुओं ने बताया समस्त ग्रामीणों के सामूहिक सहयोग और जन-भागीदारी से स्थापित की जा रही अश्व प्रतिमा रूण की एकजुटता और अटूट धार्मिक चेतना को दर्शाती है। इस आयोजन में गांव रूण इंदोकली के गणमान्य नागरिकों के साथ-साथ आसपास के गांवो के हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
फोटो कैप्शन- गांव रूण में अश्व प्रतिमा कलश यात्रा के दौरान उपस्थित ग्रामीण श्रद्धालु

Author: Aapno City News



