
‘शहरी सेवा शिविर 2026’ में लोगों को मिली बड़ी राहत।
फुलेरा (दामोदर कुमावत)
फुलेरा नगर पालिका द्वारा आमजन को त्वरित एवं सुगम प्रशासनिक सेवाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य सेसामुदायिक भवन में ‘शहरी सेवा शिविर 2026’ का सफल आयोजन किया गया। शिविर नगर पालिका की अधिशासी अधिकारी महिमा सोनी की मौजूदगी में आयोजित हुआ।

शिविर में वर्षों से लंबित मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर नागरिकों को बड़ी राहत दी गई। 15 नामांतरण प्रकरणों का त्वरित समाधान कर दस्तावेज सौंपे गए। वहीं 13 जन्म प्रमाण पत्र तैयार कर लाभार्थियों को वितरित किए गए। इसके अलावा राशन कार्ड, रोड लाइट मरम्मत, आधार अपडेट तथा लीज फ्री-होल्ड नामांतरण से जुड़े आवेदन भी प्राप्त किए गए, जिनका नियमानुसार शीघ्र निस्तारण किया जाएगा। अधिशासी अधिकारी महिमा सोनी ने कहा कि नगर पालिका का उद्देश्य आम नागरिकों को एक ही स्थान पर पारदर्शी, सरल और त्वरित सेवाएँ उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि ऐसे शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लंबित कार्यों का मौके पर समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है। शिविर में स्थानीय जन प्रतिनिधियों, नगर पालिका अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में क्षेत्र वासियों ने भाग लिया। मौके पर ही समस्याओं के समाधान से नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

Author: Aapno City News




