
आज हुआ बैनर-पोस्टर का विमोचन, दादू वाणी, मंगल कलश यात्रा व सत्संग होंगे प्रमुख आकर्षण।
फुलेरा (दामोदर कुमावत)। कस्बे के श्री रामनगर स्थित श्री दादू आश्रम में श्री गुरु पूर्णिमा महोत्सव एवं 15वें चातुर्मास सत्संग ज्ञान यज्ञ समारोह का भव्य आयोजन 29 जुलाई से 5 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। आयोजन को लेकर शुक्रवार को आश्रम परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल के बीच कार्यक्रम के बैनर एवं पोस्टर का विधिवत विमोचन किया गया।

श्री दादू आश्रम के व्यवस्थापक धर्मदास स्वामी ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी चातुर्मास के दौरान संगीतमय श्रीमद् दादू वाणी, भक्तमाल कथा, सत्संग, व्यासपीठ पूजन, मंगल कलश यात्रा नगर भ्रमण सहित अनेक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। समारोह का शुभारंभ आषाढ़ शुक्ल पूर्णिमा (29 जुलाई) को दादू वाणी पाठ, व्यासपीठ पूजन एवं भव्य मंगल कलश यात्रा के साथ होगा। कथा वाचस्पति के रूप में संगीत आचार्य महंत राम प्रकाश स्वामी श्रद्धालुओं को दादू वाणी एवं भक्तमाल कथा का रसपान कराएंगे। आयोजन के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ज्ञान, भक्ति और सत्संग का लाभ प्राप्त होगा।

कार्यक्रम की तैयारियों के तहत आयोजित बैनर-पोस्टर विमोचन समारोह में आश्रम महंत स्वामी राम प्रकाश दास जी के सानिध्य में पुलिस थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इस अवसर पर महंत सरवन दास जी महाराज (ढींढा), जगदीश प्रसाद कुमावत, रामपाल कुमावत, नाथूलाल सैनी, राजेंद्र सैनी, रवि शर्मा, नितेश शर्मा, आजाद दाधीच सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं समाज के प्रबुद्धजन मौजूद रहे।आश्रम व्यवस्थापक ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्म, भक्ति और सत्संग के इस पावन आयोजन का लाभ उठाने की अपील की है।

Author: Aapno City News




