
फुलेरा (दामोदर कुमावत)
श्रावण के पावन महीने में संपूर्ण फुलेरा नगर शिवभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। मौका था नगर में आयोजित चतुर्थ विशाल कांवड़ यात्रा का, जहाँ आस्था, उत्साह और जनसैलाब का अद्भुत संगम देखने को मिला।देवयानी सरोवर से फुलेरा के चमत्कारेश्वर महादेव तक भक्ति का सफर रहा ।

कांवड़ यात्रा का शुभारंभ ऐतिहासिक एवं पवित्र देवयानी सरोवर से विधिवत पूजन-अर्चन और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। हाथों में सुसज्जित कांवड़ उठाए शिवभक्तों का जत्था जैसे ही आगे बढ़ा, पूरा मार्ग “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोषों से गूंज उठा। डीजे की धुन पर बजते भक्ति गीतों पर नाचते-गाते श्रद्धालुओं ने पूरे नगर के वातावरण को पूरी तरह ‘शिवमय’ बना दिया। श्रीराम नगर स्थित चमत्कारेश्वर महादेव मंदिर पहुँचने पर भव्य धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया।

विशेष जलाभिषेक कांवड़ियों द्वारा लाए गए पवित्र जल से महादेव का विधि-विधान पूर्वक जलाभिषेक किया गया। समिति के बाबूलाल हेमराज अजमेरा ने बताया कि कांवड़ यात्रा के आगमन पर मंदिर परिसर का अलौकिक एवं भव्य श्रृंगार किया गया, जिसे देख श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। शाम को मंदिर परिसर में विशाल महाआरती का आयोजन हुआ। दीपों की रोशनी और शंखनाद के बीच सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से सुख-समृद्धि का आशीर्वाद लिया

आरती के पश्चात सभी भक्तों में महाप्रसाद का वितरण किया गया।
इस भव्य धार्मिक आयोजन में सामाजिक समरसता और अपार जनसहयोग देखने को मिला। यात्रा और पूजन कार्यक्रम में माली समाज अध्यक्ष तेजकरण सैनी, शेष नारायण सैनी, रामजीलाल, भारती सैनी, इशिका अजमेरा, रामेश्वरलाल, छोटी देवी सहित कई गणमान्य नागरिक और भारी संख्या में शिवभक्त उपस्थित रहे।

Author: Aapno City News




