
पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बना रहे हैं डॉ. प्रदीप चौधरी
कुचामन सिटी,
राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस 2026 के अवसर पर पर्यावरण प्रेमी डॉ. प्रदीप चौधरी ने एक बार फिर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए बरगद फाउंडेशन के सहयोग से निर्माणाधीन राजकीय जिला अस्पताल, कुचामन सिटी परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित कराया। इस अवसर पर चिकित्सकों एवं फाउंडेशन के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न छायादार एवं पर्यावरण हितैषी पौधे लगाकर उन्हें वृक्ष बनाने का संकल्प लिया।
डॉ. प्रदीप चौधरी लंबे समय से पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वे केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहते, बल्कि उनके संरक्षण, नियमित देखभाल और उन्हें विकसित कर वृक्ष बनाने के अभियान को भी निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं। उनके नेतृत्व में समय-समय पर विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर हजारों पौधे लगाए जा चुके हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. चौधरी ने कहा कि “एक चिकित्सक मानव जीवन बचाने का कार्य करता है और एक पेड़ पूरी मानवता को जीवन देने का कार्य करता है। इसलिए हर नागरिक को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।”
बरगद फाउंडेशन के कार्यकर्ताओं ने भी पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और प्रदूषण मुक्त वातावरण देना हम सभी का नैतिक दायित्व है। इसी उद्देश्य से संस्था निरंतर पौधारोपण एवं जनजागरण अभियान चला रही है।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी चिकित्सकों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए पौधों की नियमित देखभाल करने तथा अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बरगद फाउंडेशन के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




Author: aapnocitynews@gmai.com




