
रूण फखरूदीन खोखर
रूण-पंचायत समिति मूंडवा के गांव भटनोखा निवासी और जोधपुर के डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज के प्लास्टिक सर्जरी विभाग में कार्यरत सह आचार्य (एसोसिएट प्रोफेसर) डॉ. रजनीश गालवा को पदोन्नत कर आचार्य (प्रोफेसर) पदनामित किया गया है। इनकी पदोन्नति पर गृह नगर भटनोखा और क्षेत्र के कई गांवो में खुशी की लहर है । इस संबंध में राज्य सरकार के चिकित्सा शिक्षा (ग्रुप-1) विभाग की संयुक्त शासन सचिव डॉ. ज्योति चौहान ने आधिकारिक आदेश जारी किए हैं।

आदेश के अनुसार, डॉ. रजनीश गालवा को उनकी स्वयं की वेतन श्रृंखला में पातेय वेतन पर आचार्य, प्लास्टिक सर्जरी विभाग के पद पर पदनामित किया गया है।
*उत्कृष्ट सेवाओं के लिए मिल चुका है सम्मान*
डॉ. गालवा चिकित्सा और शिक्षा के क्षेत्र में एक जाना-माना नाम हैं। उनके कई शोधपत्र (Research Papers) राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित जर्नल्स में प्रकाशित हो चुके हैं। चिकित्सा क्षेत्र में उनके इस महत्वपूर्ण योगदान और उल्लेखनीय सेवाओं के लिए प्रशासन द्वारा उन्हें पूर्व में सम्मानित भी किया जा चुका है। डॉ. गालवा की इस पदोन्नति पर मेडिकल कॉलेज के सहकर्मियों, जूनियर डॉक्टरों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर है। विशेषज्ञों का मानना है कि उनके आचार्य बनने से मेडिकल कॉलेज के प्लास्टिक सर्जरी विभाग के शैक्षणिक कार्यों और मरीजों के इलाज में उनके अनुभव का और अधिक लाभ मिलेगा।

Author: Aapno City News





