
फुलेरा( दामोदर कुमावत) राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) और राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (RALSA) के निर्देशानुसार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), जयपुर जिला की अध्यक्ष एवं जिला व सत्र न्यायाधीश श्रीमती माधवी दिनकर ने सोमवार को महिला जेल, जयपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर जिला के सचिव पवन कुमार जीनवाल भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान जिला जज श्रीमती माधवी दिनकर ने जेल में महिला बंदियों को मिल रही बुनियादी सुविधाओं, बैरकों की साफ-सफाई, चिकित्सा व्यवस्था और भोजन की गुणवत्ता का गहनता से जायजा लिया। उन्होंने महिला बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी बंदी के विधिक अधिकारों का हनन नहीं होना चाहिए। उन्होंने जेल प्रशासन को बीमार महिला बंदियों के समुचित इलाज और उनके साथ रह रहे बच्चों की शिक्षा व स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।सचिव पवन कुमार जीनवाल ने जेल में बंद ऐसी महिला बंदियों की जानकारी ली जिन्हें कानूनी सहायता की आवश्यकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिन बंदियों के पास पैरवी के लिए वकील नहीं हैं, उन्हें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से निःशुल्क विधिक सहायता (सरकारी वकील) तुरंत उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि उन्हें समय पर न्याय मिल सके।
इस निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान जिला जज और सचिव के साथ कनिष्ठ सहायक प्रसून दीक्षित तथा पीएसओ देवी लाल भी साथ रहे।

Author: Aapno City News




