

मेड़ता सिटी (तेजाराम लाडणवा)
मीरा नगरी मेड़ता में आज सनातन धर्म और हिंदू एकता के संदेश को लेकर हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।
रघुनाथ बस्ती क्षेत्र में होने वाले इस सम्मेलन को लेकर पूरे इलाके में उत्साह का माहौल है, वहीं आयोजन की तैयारियां भी जोरों-शोरों से पूरी कर ली गई हैं।
सम्मेलन में अनेक साधु-संतों एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े विद्वानों के मुखारविंद से हिंदू समाज, संस्कृति और सनातन धर्म के मूल्यों पर अमृत वचनों का प्रवाह होगा। कार्यक्रम को लेकर समाज के हर वर्ग में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
आयोजन समिति के संयोजक चंद्र प्रकाश बिड़ला ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत श्री रागतमल भैरव नाथ मंदिर से दोपहर 1:30 पर विधिवत कलश यात्रा के साथ की जाएगी। यह कलश यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए मंत्रियों के मोहल्ले पहुंचेगी, जहां विशाल हिंदू सम्मेलन का मुख्य आयोजन होगा।
सम्मेलन के दौरान संतों के आशीर्वचन के साथ-साथ विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। साथ ही देशभक्ति, हिंदू चेतना और हिंदू शक्ति जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य समाज को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना और एकजुटता का संदेश देना बताया गया है।
आयोजकों का कहना है कि यह सम्मेलन केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति के संरक्षण और प्रचार का एक सशक्त प्रयास है, जिसमें बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी नागरिकों की सहभागिता अपेक्षित है।
कुल मिलाकर आज मेड़ता सिटी में आयोजित होने जा रहा यह विशाल हिंदू सम्मेलन धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक चेतना का एक भव्य संगम साबित होने जा रहा है।

Author: aapnocitynews@gmai.com




