
विभागाध्यक्षों एवं राजसेवकों का किया सम्मान।
ऐसे आयोजनों से जनता व राज सेवकों के बीच करते हैं सेतु का कार्य: ऋषि राज कपिल
फुलेरा (दामोदर कुमावत) देव प्रबोधिनी एकादशी के पावन अवसर पर तेजाजी चौक स्थित सामुदायिक भवन में फुलेरा जन कल्याण समिति एवं पत्रकार संघ फुलेरा के संयुक्त तत्वावधान में विजय उत्सव का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में फुलेरा परिक्षेत्र के विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मयोद्धाओं एवं राजसेवकों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि उपखंड अधिकारी सांभरलेक ऋषिराज कपिल रहे। विशिष्ट अतिथि पी एम ओ डॉ. धर्मेंद्र भामु, समाजसेवी रामजी लाल शर्मा, रेलवे से प्रेमचंद वर्मा, थाना प्रभारी राजेश वर्मा, जीआर पी प्रभारी गुलजारीलाल एवं नव पदस्थ युवा आरएएस राहुल गुलाटी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनकल्याण समिति अध्यक्ष गिरधारी सिंह शेखावत ने की।

अतिथियों का स्वागत महेश दाधीच, मनोहर सिंह, दिनेश सुरोलिया, दामोदर प्रसाद कुमावत, राजकुमार देवाल, भागचंद सैनी,ओमप्रकाश सैनी, एवं जयराज सिंह शेखावत द्वारा माल्यार्पण, साफा एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया।
कार्यक्रम का आकर्षण रहा हनुमानजी रूपी उड़ान प्रदर्शन मयंक देवल ने विद्युत तारों के ऊपर उड़ान भरते हुए सुरसा के मुख प्रवेश की अनोखी प्रस्तुति दी, जिसे देखकर वातावरण भक्तिमय हो उठा और उपस्थित जनसमूह जय श्रीराम एवं बजरंगबली की जय के उद्घोष से गूंज उठा। यह प्रस्तुति मदन मोहन बब्बू और चंद्र मोहन कटारा के निर्देशन में दी गई।

मुख्य अतिथि एसडीएम ऋषिराज कपिल ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन प्रशासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत करते
हुए एक सेतु का काम करते हैं । उन्होंने जनकल्याण समिति और पत्रकार संघ के प्रयासों की सराहना की और कहा कि सामाजिक व धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। कार्यक्रम के अंत में समिति अध्यक्ष गिरधारी सिंह शेखावत ने सभी आगंतुक अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार प्रकट किया।

समाजसेवी रामजीलाल शर्मा ने कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए आयोजनों को धन्यवाद प्रेषित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से जनता और प्रशासन के बीच की दूरियां कम होती है और मुझे यहां बुलाकर जो सम्मान दिया है मैं उसका आभार व्यक्त करता हूं। कार्यक्रम के अंत में सहभोज के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
कार्यक्रम का संचालन ऊर्जावान शैली में पत्रकार योगेन्द्र गहलोत ने किया। इस अवसर पर शक्ति सिंह, प्रवीण वर्मा, दिलीप सुरोलिया, सुमन नारनोलिया, शशि अरोड़ा, गिरधारी जांगिड़, सी.पी. त्रिपाठी, गौरीशंकर कुमावत, भागचंद कुमावत, रवि प्रकाश सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Author: aapnocitynews@gmai.com





