
फुलेरा (दामोदर कुमावत)
राजभाषा हिंदी के प्रति अधिकारियों और कर्मचारियों में जागरूकता बढ़ाने तथा कार्यालयी कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय, जयपुर में सोमवार, 27 जुलाई 2026 को एक रोचक एवं ज्ञानवर्धक हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

महाप्रबंधक एवं नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (कार्यालय-2), जयपुर के अध्यक्ष पंकज शर्मा के मार्गदर्शन में प्रधान कार्यालय स्थित ‘संकल्प सभागार’ में आयोजित इस प्रतियोगिता में केंद्रीय सरकार के विभिन्न सदस्य कार्यालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया।उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य राजभाषा हिंदी के प्रति जागरूकता बढ़ाना, हिंदी के व्यावहारिक उपयोग को प्रोत्साहित करना तथा कर्मचारियों में भाषा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना था।

प्रतियोगिता में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (कार्यालय-2), जयपुर से संबद्ध विभिन्न सदस्य कार्यालयों के लगभग 50 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रश्नोत्तरी के दौरान प्रतिभागियों ने हिंदी भाषा, राजभाषा नीति एवं सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्नों का आत्मविश्वास के साथ उत्तर देकर अपनी उत्कृष्ट जानकारी का परिचय दिया।
इस अवसर पर कपिल सिंघल उप मुख्य राजभाषाअधिकारी तथा शिवचरण बैरवा, सचिव नराकास (कार्यलय-२) जयपुर भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने न केवल प्रतिभागियों के ज्ञान में वृद्धि की, बल्कि राजभाषा हिंदी के प्रति सम्मान और उसके प्रभावी प्रयोग के संकल्प को भी और अधिक सुदृढ़ किया।

Author: Aapno City News




