
फुलेरा (दामोदर कुमावत)
उत्तर पश्चिम रेलवे के प्रधान कार्यालय, जयपुर में बुधवार, को लम्बित न्यायिक प्रकरणों की मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।उ प रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार प्रधान कार्यालय में आयोजित लम्बित न्यायिक प्रकरणों की मासिक समीक्षा बैठक के दौरान अपर महाप्रबंधक अशोक माहेश्वरी ने लिम्बस पोर्टल पर कोर्ट केसेस को रियल टाइम बेसिस पर अद्यतन करने के निर्देश दिए तथा लम्बित अवमानना प्रकरणों पर चिंता जाहिर करते हुए इनके शीघ्र निपटान के निर्देश दिए।

श्री माहेश्वरी ने उपस्थित मुख्य विधि सहायकों को निर्देश दिए कि न्यायिक प्रकरणों में जवाब निर्धारित समय सीमा में प्रस्तुत किए जाएं और सिविल न्यायालयों के आदेशों की अनुपालना समय सीमा के भीतर सुनिश्चित की जाए, ताकि माननीय न्यायालय के आदेशों की अवमानना के अवसर न्यूनतम रहें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि न्यायालय में जवाब प्रस्तुत करने से पूर्व संबंधित वास्तुस्थिति की पूर्ण जानकारी के साथ ही जवाब पेश किया जाए ।बैठक के प्रारम्भ में उप महाप्रबंधक (विधि) प्रतुल सारोलिया ने लिम्बस पोर्टल पर कोर्ट केसेस को रियल टाइम बेसिस पर अद्यतन करने पर जोर देते हुए

सभी प्रकरणों से सम्बंधित दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करने तथा एक्सेप्शन रिपोर्ट को तुरंत क्लियर करने, जवाब दावा माननीय कोर्ट में समय पर दाखिल के निर्देश दिए। साथ ही यह भी निर्देश दिए कि न्यायिक मामलों के शीघ्र निस्तारण हेतु रेलवे अधिवक्ताओं के साथ आंतरिक मीटिंग नियमित रूप से आयोजित की जाये।समीक्षा बैठक के अंत में अपर महाप्रबंधक अशोक माहेश्वरी ने जयपुर मंडल के अनिल तिवारी, निर्माण विभाग के धर्मेन्द्र कुमार शर्मा एवं कार्मिक विभाग प्रधान कार्यालय के दीपक कुमार, को सर्वश्रेष्ठ मुख्य विधि सहायक के रूप में चयनित होने पर प्रशस्ति पत्र एवं 2000/- रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया ।

Author: Aapno City News




