

डांगावास के 13 वर्षीय योगा एथलीट राघव शर्मा को 77वें गणतंत्र दिवस पर जिला स्तर पर किया गया सम्मानित
नागौर (तेजाराम लाडणवा)
ग्राम डांगावास निवासी 13 वर्षीय योगा एथलीट राघव शर्मा ने अपनी अद्भुत प्रतिभा और कड़ी मेहनत से मेड़ता ही नहीं बल्कि पूरे नागौर जिले को गौरवान्वित किया है। 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय नागौर में आयोजित भव्य समारोह में राघव शर्मा को जिला स्तर पर सम्मानित किया गया।
समारोह में कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती डॉ. मंजू बाघमार, जिला कलेक्टर श्री अरुण कुमार पुरोहित, जिला पुलिस अधीक्षक श्री मृदुल कच्छावा एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर श्री चंपालाल जीनगर ने राघव शर्मा को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
गौरतलब है कि राघव शर्मा, पुत्र पं. विष्णु शर्मा, ने 69वीं अंडर-17 राज्य स्तरीय योगासन प्रतियोगिता में आर्टिस्टिक सिंगल इवेंट में सम्पूर्ण राजस्थान में प्रथम स्थान प्राप्त कर गोल्ड मेडल जीता। साथ ही 69वीं अंडर-17 राष्ट्रीय योगासन प्रतियोगिता, अगरतला (त्रिपुरा) में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।
नन्हें खिलाड़ी राघव शर्मा इससे पूर्व तीन बार नेशनल लेवल पर योगासन चैम्पियनशिप में राजस्थान का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, वहीं एक बार इंटरनेशनल लेवल पर थाईलैंड में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए देश के लिए गोल्ड मेडल जीत चुके हैं। इतनी कम उम्र में यह उपलब्धि उन्हें जिले का गौरव बना रही है।
राघव शर्मा को जिला स्तर पर सम्मानित किए जाने की खबर मिलते ही ग्राम डांगावास में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों, परिजनों और शुभचिंतकों ने मिठाइयाँ बांटकर खुशी मनाई और राघव का जोरदार अभिनंदन किया।
राघव शर्मा आज जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा का प्रतीक बन चुके हैं, जिनकी मेहनत और लगन आने वाली पीढ़ी को आगे बढ़ने की राह दिखा रही है।

Author: aapnocitynews@gmai.com




