
नागरिक सुरक्षा संगठन आपदाओं के लिए सदैव तैयार रहता है: मनमोहन मीणा
जयपुर (दामोदर कुमावत) उ.प. रेलवे जयपुर मंडल में नागरिक सुरक्षा संगठन का 63वां स्थापना दिवस अरावली क्लब, गणपति नगर प्रांगण में धूमधाम से मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि मण्डल रेल प्रबंधक रवि जैन रहे।

साथ ही अपर मंडल रेल प्रबंधक ऑपरेशन आसिफ हुसैन अंसारी, वरिष्ठ मंडल नागरिक सुरक्षा अधिकारी/वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी मन मोहन मीणा, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता प्रमोद रावत, स्टेशन निदेशक विपिन कुमार शर्मा और सीएमएस संजय कुमार शाह अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों द्वारा झंडारोहण और राष्ट्रगान से हुई। तत्पश्चात वरिष्ठ मंडल नागरिक सुरक्षा अधिकारी मन मोहन मीणा ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ एवं पोर्ट भेंट कर स्वागत किया।

स्थापना दिवस समारोह में नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों ने आग, आपात कालीन स्थिति और प्राथमिक उपचार से जुड़ी गतिविधियों का लाइव डेमो प्रस्तुत किया। इसके अंतर्गत फायर बॉल, फायर एक्सिंगुइशर का प्रयोग, भीड़ प्रबंधन और सीपीआर जैसी आपातकालीन तकनीकों का प्रदर्शन किया गया। इसके अलावा स्काउट गाइड के स्वयंसेवकों ने नशामुक्ति पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर समाज में जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया।

मुख्य अतिथि रवि जैन ने आपातकाल में नागरिक सुरक्षा की जिम्मेदारियों और उपलब्धियों को साझा किया और सभी स्वयंसेवकों के कार्य प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके लिए पुरस्कार देने की घोषणा की। उन्होंने आग और सीपीआर डेमो को और अधिक प्रचारित करने के निर्देश भी दिए। वरिष्ठ मंडल नागरिक सुरक्षा अधिकारी मन मोहन मीणा ने बताया कि संगठन आपदाओं के लिए सदैव तैयार रहता है और स्वयंसेवक सजगता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं।

मंडल नागरिक सुरक्षा निरीक्षक अनिल चौधरी ने सभी अतिथियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि स्थापना दिवस समारोह की सफलता में सभी की सकारात्मक भूमिका रही।
समारोह में नागरिक सुरक्षा संगठन के सभी स्वयंसेवक सक्रिय रूप से उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाने में योगदान दिया।

Author: aapnocitynews@gmai.com





