

नागौर (तेजाराम लाडणवा ) राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर आईएफडब्ल्यूजे पत्रकार संगठन की नागौर जिला इकाई द्वारा आयोजित संगोष्ठी में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र सिंह राठौर ने पत्रकारों को संबोधित किया। इस अवसर पर नवमनोनित जिला अध्यक्ष अनिल शर्मा का स्वागत किया गया और जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की गई।
इस बैठक में डीडवाना कुचामन को नागौर जिला इकाई के साथ एकीकृत करने का निर्णय लिया गया और पत्रकारों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं। जिला अध्यक्ष अनिल शर्मा ने पत्रकारों के लिए संयुक्त बीमा पॉलिसी, पत्रकारों के बच्चों के लिए प्राथमिक एवं उच्च शिक्षा में 50% की राशि का योगदान, चार निजी अस्पतालों में नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा और पत्रकारों के बच्चों के लिए निजी रिसोर्ट में मेंटेंनेंस चार्ज पर विवाह सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा की।
प्रदेशाध्यक्ष उपेंद्र सिंह राठौर ने राष्ट्रीय प्रेस दिवस की बधाई देते हुए जिले के पत्रकारों से आह्वान किया कि वे मनमुटाव छोड़कर एक मंच पर आएं ताकि उनकी लंबित समस्याओं का समाधान यथाशीघ्र हो सके। बैठक में पत्रकारों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनमें जिले में रोडवेज व टोल मुक्त यात्रा सुविधा और साप्ताहिक व पाक्षिक समाचार-पत्रों के डाक पंजीयन में आ रही दिक्कतें शामिल थीं। संगठन ने इन समस्याओं का समाधान करवाने का आश्वासन दिया।
बैठक का संचालन श्रवण दाधिच ने किया और वरिष्ठ पत्रकार रामजीलाल सोनी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर जिले भर से दर्जनों पत्रकार उपस्थित थे।

Author: aapnocitynews@gmai.com





