
8वें वेतन आयोग को लेकर भी हुआ बड़ा ऐलान!
फुलेरा (दामोदर कुमावत)
फुलेरा स्थित एन डब्लू आर ई यू कार्यालय में यूनियन के बैनर तले एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शाखा नंबर दो के सचिव हमीर सिंह के नेतृत्व में युवा विंग का गठन कर नवनियुक्त पदाधिकारियों का साफा एवं माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया गया। समारोह की अध्यक्षता यूथ विंग के किसन सिंह चौधरी ने की।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे एम्पलाई यूनियन के महामंत्री मुकेश माथुर ने युवाओं में नया जोश भरा, तो वहीं पूर्व मंडल मंत्री एस.के. माथुर ने अपने नपे-तुले अंदाज में मंच संचालन कर पूरे कार्यक्रम में समां बांध दिया।समारोह केवल भाषणों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसमें उपलब्धियों का जश्न भी मनाया गया। हाल ही में पदोन्नत हुए 10 पैसेंजर ट्रेन मैनेजर्स को मंच पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही फुलेरा, रींगस और किशनगढ़ शाखाओं के अध्यक्ष व सचिवों का भी गर्मजोशी से अभिनंदन हुआ।

अपने ओजस्वी भाषण में जोनल महामंत्री व मुख्य वक्ता मुकेश माथुर ने कहा कि
“यूनियन कोई साधारण संगठन नहीं, बल्कि रेल कर्मचारियों और प्रशासन के बीच मजबूती से खड़ा रहने वाला एक मजबूत सेतु है। एम्प्लॉईज़ यूनियन ने हमेशा रेलकर्मियों और भारतीय रेल के हितों को सर्वोपरि रखा है।”
उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि युवा ही देश और रेलवे की असली शक्ति हैं। वे हर परिस्थिति में मुस्तैद रहकर रेल सेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान दें। रेल कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए सबसे बड़ी खबर साझा करते हुए मुकेश माथुर ने स्पष्ट किया कि 8वें वेतन आयोग का लाभ सभी कर्मचारियों व पेंशनर्स को जरूर मिलेगा।

इस खबर से उपस्थित जनसमूह में खुशी की लहर दौड़ गई। मंडल अध्यक्ष के.एस. अहलावत और मंडल मंत्री राकेश यादव ने कहा कि आज के समय में रेलकर्मियों को एकजुट रहने की सख्त जरूरत है। संगठन जितना मजबूत होगा, कर्मचारियों की आवाज उतनी ही बुलंद होगी।
यूनियन के जुझारू नेता व जोनल उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह चाहर ने कड़े तेवरों में रेल प्रशासन को चेताया। उन्होंने साफ कहा कि कर्मचारियों पर किसी भी तरह की नियम- विरुद्ध या दमनकारी नीतियां थोपने नहीं दी जाएंगी और मिलने वाली हर वाजिब सुविधा के लिए यूनियन डटकर लड़ेगी। गरिमामयी रही दिग्गजों की मौजूदगी
कार्यक्रम में जयपुर मंडल कोषाध्यक्ष अनूप शर्मा, सहायक सचिव किशन चौधरी, ऑल इंडिया रेलवे पेंशनर्स वेलफेयर फेडरेशन के महामंत्री आर.के. सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष महेश सहाय शर्मा और सचिव नोनिहाल सिंह बतौर विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।

Author: Aapno City News




