

नए साल से पहले राजस्थान पुलिस में बड़ी पदोन्नतियां
42 IPS अधिकारियों को प्रमोशन, नागौर के पूर्व एसपी नारायण टोगस बने डीआईजी
जयपुर | आपणो सिटी न्युज
राजस्थान सरकार ने नए साल 2026 से ठीक पहले पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए 42 आईपीएस अधिकारियों को पदोन्नति दी है। कार्मिक (क-1) विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार यह पदोन्नतियां 01 जनवरी 2026 से प्रभावी होंगी। लंबे समय से लंबित प्रमोशन प्रक्रिया पूरी होने से पुलिस महकमे में व्यापक फेरबदल के संकेत मिल रहे हैं।
इस सूची में नागौर के पूर्व पुलिस अधीक्षक एवं वर्तमान जोधपुर ग्रामीण एसपी नारायण टोगस का नाम प्रमुख रूप से शामिल है। 2012 बैच के आईपीएस नारायण टोगस को चयन वेतन श्रृंखला से उपमहानिरीक्षक पुलिस वेतन श्रृंखला (डीआईजी) में पदोन्नत किया गया है।
नारायण टोगस की पदोन्नति पर नजर
नारायण टोगस नागौर जिले में पुलिस अधीक्षक रहते हुए सख्त कानून व्यवस्था, संगठित अपराधों पर निर्णायक कार्रवाई और प्रशासनिक अनुशासन के लिए पहचाने गए। वर्तमान में जोधपुर ग्रामीण एसपी के रूप में भी उनका कार्यकाल प्रभावी माना जा रहा है। डीआईजी पद पर पदोन्नति के बाद अब उन्हें राज्य स्तर पर और बड़ी जिम्मेदारियां मिल सकती हैं।
शीर्ष स्तर तक पदोन्नतियां
सरकार ने 2001 बैच के आईपीएस अधिकारियों को महानिरीक्षक से अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, 2008 बैच को उपमहानिरीक्षक से महानिरीक्षक, 2012 बैच को डीआईजी, 2013 बैच को चयन वेतन श्रृंखला, 2017 बैच को कनिष्ठ प्रशासनिक वेतन श्रृंखला तथा 2022 बैच के अधिकारियों को वरिष्ठ वेतन श्रृंखला में पदोन्नत किया है।
प्रमोशन पाने वाले प्रमुख आईपीएस अधिकारी
एडीजीपी बने: प्रफुल्ल कुमार, एच. जी. राघवेन्द्र सुहासा
आईजी बने: लवली कटियार, डॉ. प्रीति चन्द्रा, राहुल कोटोकी, डॉ. विकास पाठक, डॉ. राहुल जैन, ओम प्रकाश, राजेश सिंह, राजेन्द्र प्रसाद गोयल, कालू राम रावत
डीआईजी बने: राशी डोगरा डुडी, ममता गुप्ता, पूजा अवाना, आदर्श सिधू, डॉ. किरन कैंग सिद्ध, जय यादव, अभिजीत सिंह, शांतनु कुमार सिंह, देवेन्द्र कुमार बिश्रोई, विनीत कुमार बंसल, नारायण टोगस
सभी अधिकारी फिलहाल अपने वर्तमान पद पर कार्यरत रहेंगे
पदोन्नति 01 जनवरी 2026 से प्रभावी
वेतन निर्धारण एफ.आर. 22 नियमों के तहत किया जाएगा

Author: aapnocitynews@gmai.com





