




मेड़ता सिटी। मेड़ता सिटी में आस्था और भक्ति का विराट दृश्य देखने को मिलेगा। रामस्नेही संप्रदाय की रेण पीठ की मुख्य शाखा रामधाम श्री देवल में परमपूज्य 108 श्री सुखराम जी महाराज के 259वें निर्वाण महोत्सव के उपलक्ष्य में 21 फरवरी को भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी।
निर्वाण महोत्सव एवं अष्टदिवसीय सत्संग समारोह के शुभारंभ अवसर पर निकलने वाली इस कलश यात्रा को ऐतिहासिक और विशाल स्वरूप देने के लिए आज रामसभा भवन, चारभुजा चौक में संत रमन मुनि महाराज की अध्यक्षता में व्यापक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में शहर के सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधि, व्यापारी वर्ग, प्रबुद्ध नागरिक एवं युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में इस आयोजन को मेड़ता क्षेत्र की गौरवपूर्ण धार्मिक परंपरा का प्रतीक बनाने का संकल्प लिया।
कलश यात्रा को लेकर बनी रणनीति
बैठक में तय किया गया कि 21 फरवरी को प्रातः 10 बजे रामसभा भवन से साधु-संतों के नेतृत्व में कलश यात्रा प्रारंभ होगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए रामधाम श्री देवल पहुंचेगी। महिलाएं अपने-अपने घरों से श्रद्धा के साथ कलश लेकर आएंगी, जबकि नारियल रामसभा भवन से प्रदान किया जाएगा।
रामधाम पहुंचने पर संत-महापुरुषों के सानिध्य में मंगलाचरण, आशीर्वचन एवं सामूहिक प्रसादी का आयोजन किया जाएगा।
शहर को 10 बस्तियों में बांटकर गठित की गई समितियां
कलश यात्रा में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पूरे शहर को 10 बस्तियों में विभाजित कर समितियों का गठन किया गया। इन समितियों को घर-घर जाकर श्रद्धालुओं को आमंत्रित करने की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि यह यात्रा मेड़ता की अब तक की सबसे विशाल धार्मिक यात्रा बन सके।
बैठक में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि यह केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संत परंपरा के प्रति श्रद्धा और समाज की एकता का प्रतीक है।
संत रमन मुनि महाराज का आह्वान
संत रमन मुनि महाराज ने कहा कि गुरु महाराज के निर्वाण महोत्सव का यह अवसर हम सबके लिए आत्मचिंतन और भक्ति का पर्व है। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे परिवार सहित कलश यात्रा में भाग लेकर संतों के आशीर्वाद का लाभ लें और आयोजन को ऐतिहासिक बनाएं।
21 फरवरी को रामसभा भवन से रामधाम देवल तक निकलेगी यह भव्य कलश यात्रा पूरे नगर को रामनाम की ध्वनि से गुंजायमान कर देगी।

Author: aapnocitynews@gmai.com




