

मेड़ता सिटी (तेजाराम लाडणवा )
कड़ाके की सर्दी से जूझ रहे असहाय व जरूरतमंद लोगों के लिए सेवा और संवेदना की मिसाल पेश करते हुए श्री गुरुकृपा जनहित सेवा संस्थान की ओर से भामाशाह नरसी कुलरिया के सहयोग से व्यापक कंबल वितरण अभियान चलाया गया। इस सेवा कार्य ने ठिठुरती रातों में जरूरतमंदों को सिर्फ कंबल ही नहीं, बल्कि इंसानियत की गर्माहट भी दी।
कैलाश जांगिड़ ने बताया कि इन दिनों बढ़ती ठंड को देखते हुए जरूरतमंदों तक राहत पहुंचाना हमारा नैतिक दायित्व है। संस्था के प्रेरणास्रोत संत दुलाराम कुलरिया के पुत्र, नरसी कुलरिया के सहयोग से संस्था कार्यकर्ताओं ने रात के समय जरूरतमंदों के निजी ठिकानों पर पहुंचकर कंबल वितरण किया, ताकि कोई भी व्यक्ति ठंड में बेसहारा न रहे।
यह सेवा अभियान पूरे मेड़ता क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर लगातार जारी है। इसी क्रम में बुधवार देर शाम थांवला के समीप बाढ़ी घाटी में मजदूर वर्ग की महिलाओं को स्थानीय सरपंच शंकर बंजारा के हाथों गर्म कंबल वितरित किए गए, जिससे उनके चेहरों पर राहत और सुकून साफ नजर आया।
जांगिड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि अब तक 600 से अधिक कंबल पूरे मेड़ता क्षेत्र में वितरित किए जा चुके हैं तथा इतनी ही संख्या में और कंबल बांटने का लक्ष्य रखा गया है, जिसे आगामी एक-दो दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि पहले ही दिन मेड़ता पुलिस उप अधीक्षक रामकरण सिंह मलिंडा एवं उनकी पत्नी के हाथों कुलरिया परिवार की ओर से संस्था के माध्यम से देर रात विभिन्न डेरों में पहुंचकर कंबल ओढ़ाकर जरूरतमंदों को राहत प्रदान की गई।
इस सेवा कार्य में नितिन सिंह, अमित टाक, जुगल सिंह सोलंकी, श्याम बोराणा, तुलसीराम प्रजापत एवं संस्था के अनेक सदस्य मौजूद रहे। यह आयोजन क्षेत्र में मानवता, सेवा और सामाजिक सरोकार की मजबूत मिसाल बनकर उभरा है।


Author: aapnocitynews@gmai.com





