
मेड़ता सिटी |
मीरा नगरी मेड़ता सिटी स्थित विष्णु सागर स्थित सीताबाई जी की कुटिया, गंगादास आश्रम विष्णु सागर में आयोजित सात दिवसीय सत्संग एवं प्रवचन कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और अध्यात्म का विराट संगम बन गया है। 24 जनवरी से 30 जनवरी तक चल रहे इस आयोजन के छठे दिन पंडाल महिलाओं एवं पुरुषों से खचाखच भरा रहा। मेड़ता सिटी सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु सत्संग का लाभ लेने पहुंचे।
रामस्नेही संप्रदाय रेन धाम के पीठाधीश्वर सज्जन राम महाराज ने अपने मुखारविंद से अमृत वचनों की वर्षा करते हुए कहा
“कबीरा मनवा एक है, भावे जां लागे। चाहे हरि की भक्ति करे या विषय वासना में उलझे, अंततः मन को परमात्मा में ही लगाना होगा।”
उन्होंने कहा कि तन, मन, पिंड और प्राण सब उसी परमात्मा के हैं—“तू है मेरा और मैं हूं तेरा।” यही दादू वाणी का मूल भाव है।
पीठाधीश्वर सज्जन राम महाराज ने कहा कि जीवन में केवल दो शब्दों को हृदय में बसा लेना ही पर्याप्त है—“हे परमात्मा, जैसा भी हूं मैं आपका हूं।” यही ज्ञान मनुष्य को अपने-पराये का भेद मिटाकर संसार सागर से पार ले जाता है। सत्संग, संतों की वाणी और आत्मज्ञान ही मोक्ष का मार्ग है।
प्रवचनों के दौरान संत कबीर, दादू, दरिया, मीराबाई, राणाबाई, भूबाई, करमाबाई सहित अनेक संत महापुरुषों की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सभी संतों का एक ही संदेश है
हाथ से कर्म करो, मुख से राम-राम जपो और हृदय में परमात्मा के प्रति अटूट प्रेम रखो।
अतिथियों का भावपूर्ण स्वागत, भंडारे की भव्य व्यवस्था
सत्संग आयोजन में साध्वी सीताबाई जी के शिष्य संत पुरुषोत्तम दास महाराज द्वारा पधारे सभी संतों, महंतों एवं अतिथियों का पारंपरिक एवं भावपूर्ण स्वागत किया गया। वहीं भक्तों के सहयोग से सभी श्रद्धालुओं के लिए भोजन एवं भंडारे की व्यापक व्यवस्थाएं की गईं, जिससे श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण कर संतोष व्यक्त किया।
आयोजक पुरखाराम दास महाराज द्वारा अपनी गुरु मां साध्वी सीताबाई जी की मोक्ष तिथि पर आयोजित सप्त दिवसीय सत्संग प्रवचन आयोजन करवाया जा रहा है
इस सात दिवसीय सत्संग एवं प्रवचन कार्यक्रम के सफल आयोजन में आयोजक पुरखाराम दास महाराज की भूमिका सराहनीय रही। उनके मार्गदर्शन एवं सतत प्रयासों से यह आयोजन सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हो रहा है। श्रद्धालुओं ने आयोजन की व्यवस्थाओं, अनुशासन और आध्यात्मिक वातावरण की मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
कार्यक्रम में अकेली पौधा धाम के महंत रामनिवास महाराज ने भी श्रद्धालुओं को संबोधित किया। वहीं बीते छह दिनों से व्यास पीठ पर विराजमान सुखदेव महाराज कूचेरा द्वारा लगातार भजन कीर्तन किये जा रहे हैं, जिनका श्रद्धालु लाभ उठा रहे हैं।
कल होगा भव्य समापन, उमड़ेगी भारी भीड़
सात दिवसीय सत्संग का कल भव्य समापन होगा। समापन अवसर पर दादू पीठाधीश्वर आचार्य प्रवर 1008 ओम प्रकाश दास महाराज के पधारने की सूचना है, जो अपने अमृत वचनों से श्रद्धालुओं को रसपान करवाएंगे। साथ ही प्रेरणा बहन जी के अमृत वचनों को सुनने के लिए भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।

Author: aapnocitynews@gmai.com




