
फुलेरा (दामोदर कुमावत)।
तहसील मौजमाबाद के ग्राम झरना की प्रतिभाशाली छात्रा एवं अंजली महिला एवं बाल उत्थान संगठन की ब्रांड एम्बेसडर सुश्री अंजली शर्मा ने कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 92.83% अंक प्राप्त कर Step Next Academy, केसरीसिंहपुरा में प्रथम स्थान हासिल किया है। इस उल्लेखनीय सफलता के साथ अंजली ने न केवल विद्यालय में शीर्ष स्थान प्राप्त किया, बल्कि अपने परिवार में अब तक के सर्वाधिक अंक लाकर एक नया इतिहास भी रच दिया।

अंजली, पिता राम जीलाल शर्मा एवं माता श्रीमती प्रीति शर्मा की सुपुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे गांव झरना एवं आसपास के क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है।
अंजली ने अपनी सफलता का श्रेय अपने दादा-दादी, परिवारजनों तथा विद्यालय के सभी शिक्षकों को देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन, प्रेरणा और निरंतर सहयोग के कारण ही वह यह मुकाम हासिल कर पाई हैं।

वहीं, उनके पिता राम जीलाल शर्मा ने विद्यालय के शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षकों की मेहनत, समर्पण और उत्कृष्ट मार्गदर्शन ने ही उनकी बेटी को इस सफलता तक पहुंचाया है।
अंजली का लक्ष्य भविष्य में प्रशासनिक सेवा में जाकर देश एवं समाज की सेवा करना है, जो उनकी दूरदर्शिता और मजबूत संकल्प को दर्शाता है।
परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय में खुशी का माहौल देखने को मिला। अध्यापकों, स्टाफ एवं समाज के लोगों ने अंजली का स्वागत कर उन्हें मालाएं पहनाईं और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। साथ ही, उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
अंजली की इस सफलता ने क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का कार्य किया है।

Author: Aapno City News




