
16 गांवों की 800 बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रथम,द्वितीय रही बालिकाओं को पुरस्कार,सभी प्रतिभागियों संस्था ने बांटे दुपट्टे (स्टॉल)।
फुलेरा (दामोदर कुमावत) निकटवर्ती ग्राम स्थित निर्माण संस्था, खण्डेल द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष सत्र 2025-26 में किशोरी बालिका मेले का आयोजन रविवार को किया गया। मेले में 16 गांवों के बालिका समूहों की लगभग 800 बालिकाओं ने उत्साह पूर्वक भाग लिया। निर्माण संस्था खंडेल के निदेशक रामेश्वर लाल वर्मा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों की बालिकाएं 12 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर बालिका समूह में सम्मिलित हो जाती हैं तथा 23 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर समूह से पृथक हो जाती हैं।

उन्होंने बताया कि अब तक बालिका समूह के माध्यम से 8 हजार से अधिक बालिकाएं निर्माण संस्था के आयोजनों में सम्मिलित हो चुकी है। आयोजित कार्यक्रम
का शुभारंभ पूर्वान्ह 10:00 बजे मां सरस्वती वंदना के साथ हुआ तथा अपरान्ह 4:00 बजे पुरस्कार वितरण के साथ सम्पन्न हुआ। बालिका मेले में विभिन्न मनोरंजक एवं कौशल आधारित प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें गुब्बारा फोड़, बॉल थ्रो, रस्साकस्सी, आंख बंद डिब्बा बजाना,सौंदर्य एवं नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की गई ।

प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली बालिकाओं को पुरस्कृत किया गया। वहीं मेले में सम्मिलित होने वाली प्रत्येक बालिका को प्रोत्साहन स्वरूप एक-एक दुपट्टा (स्टॉल) प्रदान किया गया। साथ ही सभी बालिकाओं के लिए अल्पाहार की व्यवस्था भी की गई।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ—ओ. पी. दायमा एवं विशिष्ट अतिथि समाजसेवी महेश दाधीच रहे। जबकि विशिष्ट अतिथि सरदार मीणा, बागेश्वर वर्मा, श्रीमती कमला देवी वर्मा रहे। मुख्य अतिथि डॉ दायमा ने बताया कि राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की बहुत बड़ी भागीदारी होती है,

उन्होंने कहा नारी गुणों की खान होती है उन्होंने नवरात्रा के समय इस कार्यक्रम में किशोरी बालिका मेला आयोजित कर जो सम्मान इन्हें दिया है जो हमारी संस्कृति के अनुरूप है। डॉ दायमा ने उपस्थित बालिकाओं को कहा कि संस्था के द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेना चाहिए जहां आपको शिक्षा एवं सहयोग मिल रहा है। संस्था निदेशक रामेश्वर लाल वर्मा ने बताया कि ऐसे आयोजनों से बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक सहभागिता की भावना विकसित होती है।इस मौके पर खंडेल संस्था से बागेश्वर वर्मा, अनीता देवी, चंद्रकांता, अर्जुन सिंह, छीतर प्रजापत सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Author: Aapno City News




