

🖊 तेजाराम लाडणवा
मेड़ता सिटी
मेड़ता बस स्टैंड के सामने गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब जयपुर से पीपाड़ जा रहा एक परिवार रोडवेज बस से नीचे उतरा था। इसी दौरान तेज रफ्तार वैन ने बच्ची को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही गंभीर हालत हो गई।
पुलिस के अनुसार आगरा रोड जयपुर निवासी सत्यनारायण मीणा अपनी पत्नी संतोष मीणा व बच्चों के साथ रोडवेज बस से यात्रा कर रहे थे। दोपहर करीब 1:55 बजे बस मेड़ता बस स्टैंड के सामने रुकी। इस दौरान उनकी पत्नी और 10 वर्षीय पुत्री मिकू बस से उतरकर शौच के लिए गई थीं। तभी वहां खड़ी एक मारुति वैन (नंबर RJ21 UB 5463) के चालक ने अचानक लापरवाही से वाहन चलाते हुए बच्ची को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में बच्ची की मां को भी सिर, पेट व कमर में चोटें आईं। घायल बच्ची को तुरंत वैन से राम हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद परिजन बच्ची को सरकारी अस्पताल मेड़ता लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने भी जांच के बाद मौत की पुष्टि कर दी। बच्ची के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
घटना की सूचना मिलने पर मेड़ता सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने वैन चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है।
पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और वैन चालक की तलाश की जा रही है।

Author: aapnocitynews@gmai.com




