
सिग्नल कर्मचारियों को हैंड- हेल्ड टैबलेट उपकरण वितरित किए गए।
फुलेरा(दामोदर कुमावत) मंडल रेल प्रबंधक रवि जैन नें सिग्नल प्रबंधन प्रणाली के अंतर्गत सिग्नल कर्मचारियों को हैंड-हेल्ड टैबलेट वितरण किया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) अशफाक़ हुसैन अंसारी , वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर/जयपुर ललित कुमार तथा मंडल के अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।

इस पहल के तहत सिग्नल स्टाफ को प्रदान किए गए टैबलेट उपकरणों का उपयोग सिग्नलिंग परिसंपत्तियों के रख-रखाव एवं प्रबंधन से संबंधित कार्यों के लिए किया जाएगा। इससे सिग्नलिंग उपकरणों की मेंटेनेंस गति विधियों का रिकॉर्ड अब पारंपरिक कागजी पद्धति के स्थान पर डिजिटल रूप में दर्ज किया जा सकेगा।वितरित किए गए टैबलेट सैमसंग कंपनी के हैं, जिनमें 8 GB RAM एवं 128 GB इंटरनल मेमोरी उपलब्ध है। ये टैबलेट Wi-Fi तथा 5G कनेक्टिविटी से युक्त हैं,

जिससे फील्ड में कार्यरत सिग्नल कर्मचारियों को सिग्नलिंग परिसंपत्तियों से संबंधित डेटा को रियल-टाइम में अपडेट करने तथा आवश्यक सूचनाओं तक त्वरित पहुंच प्राप्त करने में सुविधा होगी। इस डिजिटल प्रणाली के लागू होने से सिग्नलिंग परिसंपत्तियों की निगरानी अधिक प्रभावी होगी, मेंटेनेंस रिकॉर्ड का रियल-टाइम अपडेट संभव होगा तथा कार्यों में पारदर्शिता एवं दक्षता में वृद्धि होगी।

यह पहल जयपुर मंडल में सिग्नलिंग प्रणाली के आधुनिकीकरण तथा रेलवे सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।इस अवसर पर अधिकारियों ने सिग्नल कर्मचारियों को नई डिजिटल प्रणाली का अधिकतम उपयोग करने व सिग्नलिंग परिसंपत्तियों के रख-रखाव को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रेरित किया।

Author: Aapno City News




