
10 मार्च को भी जयपुर मंडल की समय पालनता 100 प्रतिशत।
समयपालनता न केवल रेलवे प्रशासन की कार्य कुशलता को दर्शाती है, बल्कि यात्रियों के विश्वास को मजबूत करती है : रवि जैन
जयपुर(दामोदर कुमावत)उत्तर पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल ने रेल संचालन में उत्कृष्ट कार्य प्रणाली और बेहतर प्रबंधन का परिचय देते हुए समयपालनता के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।

मंडल ने 10 मार्च को 100 प्रतिशत समयपालनता दर्ज कर यात्रियों को समयबद्ध और सुचारू रेल सेवा प्रदान करने की अपनी प्रतिबद्धता को एक बार फिर साबित किया है। यह उपलब्धि मंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास कुशल योजना और सतत निगरानी का परिणाम है।वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्रीमती पूजा मित्तल ने बताया कि 10 मार्च को जयपुर मंडल की सभी ट्रेनों का संचालन निर्धारित समयानुसार हुआ और मंडल ने 100 प्रतिशत समयपालनता दर्ज की। साथ ही मंडल स्तर पर ट्रेन संचालन के दौरान कंट्रोलर ने सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए संचालन को सुचारु रूप से संचालित किया।

समयबद्ध निगरानी और प्रभावी संवाद के माध्यम से ट्रेनों की आवाजाही नियंत्रित की गई। विभिन्न विभागों के सहयोग से रेल सेवाएं व्यवस्थित रहीं और यात्रियों को सुरक्षित व निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया। यह उपलब्धि रेलवे प्रशासन द्वारा अपनाई गई सुदृढ़ संचालन व्यवस्था,आधुनिक तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग तथा कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा के कारण संभव हो सकी है। मंडल के सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और निरंतर निगरानी से ट्रेनों के संचालन को व्यवस्थित और समयबद्ध बनाए रखने में सफलता मिली है।जयपुर मंडल द्वारा समयपालनता सुनिश्चित करने के लिए रेल पटरियों, सिग्नल प्रणाली और अन्य तकनीकी उपकरणों का नियमित निरीक्षण किया जाता है। इसके साथ ही आवश्यक मरम्मत और अनुरक्षण कार्यों को निर्धारित समय पर पूरा किया जाता है, ताकि रेल संचालन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।मंडल रेल प्रबंधक जयपुर रवि जैन का मानना है कि समयपालनता न केवल रेल प्रशासन की कार्य कुशलता को दर्शाती है, बल्कि यात्रियों के विश्वास को भी मजबूत करती है। समय पर ट्रेनों का संचालन यात्रियों की यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाता है और रेलवे की सेवा गुणवत्ता को भी बेहतर बनाता है। इसी उद्देश्य के साथ जयपुर मंडल लगातार अपनी संचालन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है।

Author: Aapno City News




