

🖊 तेजाराम लाडणवा
मुंडवा के वेंकटेश मंदिर से चोरी हुए 20 किलो चांदी के आभूषण कटनी से बरामद, 17 दिन में नागौर पुलिस की बड़ी कामयाबी
नागौर जिले के मूंडवा कस्बे में स्थित वेंकटेश मंदिर में 16 फरवरी की रात हुई बड़ी चोरी का नागौर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मध्यप्रदेश के कटनी शहर से मंदिर से चोरी हुए भगवान वेंकटेश के लगभग 20 किलो चांदी के आभूषण बरामद कर लिए हैं। इस मामले में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जिनकी निशानदेही पर चोरी का माल बरामद किया गया।
थानाधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि 16 फरवरी की रात मूंडवा के वेंकटेश मंदिर में अज्ञात चोर भगवान के करीब 20 किलो चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए थे। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र के आधार पर गहन जांच शुरू की।
पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश में देश के 7 राज्यों में करीब 9000 किलोमीटर तक पीछा किया। इस दौरान 50 बस स्टैंड, 15 रेलवे स्टेशन और 3 एयरपोर्ट तक खंगाले गए। करीब 17 दिन तक लगातार ट्रैकिंग और निगरानी के बाद पुलिस को पता चला कि आरोपी मध्यप्रदेश के कटनी में छिपे हुए हैं।
इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कटनी के हर्ष कुमार द्विवेदी और राहुल रजक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी का माल कटनी शहर के आजाद चौक क्षेत्र में छिपाकर रखने की जानकारी दी।
पुलिस टीम आरोपियों को लेकर कटनी पहुंची और उनकी निशानदेही पर छिपाकर रखा गया मंदिर का लगभग पूरा चांदी का सामान बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार मंदिर में चोरी हुए आभूषणों का वजन करीब 20 किलो बताया गया था और बरामद सामान गिनती के हिसाब से लगभग पूरा मिल गया है।
इस पूरे ऑपरेशन में नागौर पुलिस की 9 सदस्यीय टीम तीन अलग-अलग गाड़ियों में लगातार 17 दिन तक आरोपियों का पीछा करती रही और आखिरकार बड़ी सफलता हासिल की।

Author: aapnocitynews@gmai.com




