
🖊 श्याम सुन्दर प्रजापति
नागौर/मेड़ता | जयपुर
ओबीसी वर्गीकरण को लेकर 8 मार्च को जयपुर में आयोजित होने वाली महत्वपूर्ण बैठक एवं अधिवेशन को सफल बनाने के लिए नागौर जिले में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। समाजबंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया गया है।
राजस्थान कुम्हार कुमावत महासभा के जिलाध्यक्ष हरीश प्रजापति के नेतृत्व में जिलेभर में बैठकें आयोजित कर समाज को संगठित किया जा रहा है।
7 मार्च की रात को बसें होंगी रवाना
अधिवेशन में भाग लेने के लिए 7 मार्च की रात को बसों के माध्यम से गोटन, हरसोलाव, भीलावास और टुकलिया सहित विभिन्न गांवों से समाजबंधु जयपुर के लिए रवाना होंगे। समाज के भामाशाहों द्वारा बसों की व्यवस्था की गई है, ताकि अधिक से अधिक लोग बिना किसी असुविधा के अधिवेशन में शामिल हो सकें।
साथ ही अधिवेशन में जाने वाले सभी समाजबंधुओं के लिए भोजन-प्रसादी एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की भी घोषणा की गई है।
समाज में उत्साह का माहौल
जिलाध्यक्ष हरीश प्रजापति ने कहा कि ओबीसी वर्गीकरण समाज के अधिकारों और भविष्य से जुड़ा अहम विषय है। ऐसे में नागौर जिले से बड़ी संख्या में भागीदारी कर एकता और शक्ति का परिचय देना आवश्यक है।
जिलेभर में चल रहे संपर्क अभियान और बैठकों से समाज में खासा उत्साह देखा जा रहा है। उम्मीद जताई जा रही है कि 8 मार्च को जयपुर में नागौर जिले की मजबूत और प्रभावी उपस्थिति दर्ज होगी।



Author: aapnocitynews@gmai.com




