
गोटन (औद्योगिक क्षेत्र)। भगवान विष्णु की आराध्य भक्त एवं भक्त प्रह्लाद की गुरु माता मानी जाने वाली माता भक्त शिरोमणि श्री श्रीयादे माता प्रजापति के मंदिर में 23 अप्रैल को मूर्ति की विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर मंदिर ट्रस्ट और समाज स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।महोत्सव की रूपरेखा तय करने और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के लिए 4 मार्च को शाम 4:00 बजे श्रीयादे माता मंदिर प्रांगण में एक आवश्यक बैठक बुलाई गई है। बैठक मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष रामकिशोर प्रजापति की अध्यक्षता में आयोजित होगी। इसमें मेड़ता उपखंड क्षेत्र के सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, वरिष्ठ समाजसेवी एवं समाज बंधु भाग लेंगे।मंदिर समिति के सचिव चुन्नीलाल जलान्धरा ने बताया कि बैठक में मूर्ति स्थापना एवं प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया जाएगा। साथ ही स्वागत, व्यवस्था, भंडारा, सजावट, शोभायात्रा और सुरक्षा सहित अन्य जिम्मेदारियों का निर्धारण किया जाएगा, ताकि कार्यक्रम ऐतिहासिक और अनुकरणीय बन सके।आयोजकों का कहना है कि यह केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज की आस्था, एकता और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक आयोजन होगा। प्राण-प्रतिष्ठा के अवसर पर क्षेत्रभर से श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है।समाज बंधुओं से अपील की गई है कि 4 मार्च की बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर अपने सुझाव दें और आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।


Author: aapnocitynews@gmai.com




