
फुलेरा (दामोदर कुमावत) कस्बे के श्री राम नगर में रविवार को श्री श्री 1008 संत बेलू बाईजी महाराज की स्मृति में दूर दराज से संतो महंतों का सामेल्ला, श्रद्धालु भक्त बालकिशन जांगिड़ के परिवार जनों द्वारा आयोजित किया गया।जिससे श्रीराम नगर क्षेत्र रविवार को अध्यात्म और भक्ति के रंग में रंगा नजर आया, जहां वेदांत सत्संग का भव्य आयोजन किया गया।

विभिन्न प्रांतो के संत-महंतों के पावन सानिध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ प्राप्त किया।कार्यक्रम संचालन महंत सत्यनारायण महाराज ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जगन्नाथ भारती ने तथा साध्वी महेश्वरा नंद उपसभापति के रूप में तथा 17 देशों में योग का परचम पहराने वाले भारत रत्न गौरव अवॉर्ड प्राप्त योग गुरु महंत स्वयं प्रकाश महाराज की उपस्थिति में दो दर्जन से अधिक संतों महंतों एवं महापुरुषों के आगमन से पूरा पंडाल भक्तिमय वातावरण में डूब गया।

भजन-कीर्तन एवं प्रवचनों से श्री राम नगर क्षेत्र आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो उठा। महापुरुषों एवं संतों ने अपने प्रवचन में कहा कि मानव जीवन का उद्देश्य आत्मज्ञान प्राप्त कर समाज में प्रेम, सेवा और सदाचार के मार्ग पर चलना है। उन्होंने बताया कि सत्संग से मन शुद्ध होता है और व्यक्ति को जीवन की सही दिशा मिलती है।
अन्य संत-महंतों ने भी धर्म, संस्कृति एवं सामाजिक एकता पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को संस्कारों से जुड़ने का संदेश दिया।

संत स्वयं प्रकाश महाराज ने उपस्थित श्रद्धालुओं को कहा कि “ज्ञान रूपी प्रकाश से ही, अज्ञान व अंधकार का नाश”संतो के सानिध्य में ही संभव है। उन्होंने कहा कि मानव जीवन में महापुरुषों संतो और गुरु के बताए सद् मार्ग पर चलने से ही हमारा जीवन सफल हो सकेगा। हमें उनका अनुसरण करना चाहिए।कार्यक्रम में मातृशक्ति सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के समापन पर आरती के बाद पंगत प्रसादी आयोजित की गई। आयोजनकर्ताओं में गोपालदत्त, प्रेमदत्त, हनुमत, ललित, मेघा, अमिता, ज्योति, डिम्पल, तारा देवी, सरला देवी, क्रियांश, कृषा, अरुण कुमार सहित सैकड़ों सत्संग प्रेमी व क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भारत के विभिन्न प्रांतों से आए साधु-संतों ने भी शिरकत की।

Author: Aapno City News




