

पर्यावरण प्रेमी पर हमले का मामला: विधायक ने मंत्री से की मुलाकात, एसएमएस अस्पताल में बेहतर इलाज के निर्देश
मेड़ता सिटी।
पर्यावरण प्रेमी लूणाराम जारोड़ा पर हुए हमले के मामले को लेकर मेड़ता विधायक लक्ष्मण राम कलरु ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर से मुलाकात कर घायल के उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
विधायक कलरु ने मंत्री को घटना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि हमले में घायल लूणाराम जारोड़ा का उपचार जयपुर के सवाई मान सिंह अस्पताल में चल रहा है और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है।
मंत्री खींवसर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत एसएमएस अस्पताल प्रशासन से दूरभाष पर बातचीत की और चिकित्सकों को लूणाराम जारोड़ा के समुचित एवं बेहतरीन उपचार के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भी कहा।
इसके बाद विधायक लक्ष्मण राम कलरु स्वयं जयपुर पहुंचकर अस्पताल में उपचाराधीन लूणाराम जारोड़ा से मिले, उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली तथा परिजनों से संवाद कर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। विधायक ने कहा कि घायल के उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी और प्रशासन से भी लगातार संपर्क बनाए रखा जाएगा।
इस घटना को लेकर क्षेत्र में चिंता का माहौल है, वहीं जनप्रतिनिधियों द्वारा घायल के उपचार को लेकर की जा रही पहल से परिजनों को राहत मिली है।

Author: aapnocitynews@gmai.com




