[darkmysite switch="1" width_height="45px" border_radius="30px" icon_width="20px" light_mode_bg="#121116" dark_mode_bg="#ffffff" light_mode_icon_color="#ffffff" dark_mode_icon_color="#121116"]

गोटन से उठी खेल क्रांति की गूंजअस्मिता खेलो इंडिया सेपक टकरा लीग में बालिकाओं का जोश, विद्यालय प्रबंधन की दूरदर्शिता बनी आयोजन की असली ताकत

SHARE:


मेड़तासिटी (तेजाराम लाडणवा)
औद्योगिक नगरी गोटन ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि प्रतिभा केवल महानगरों की मोहताज नहीं होती। खेल मंत्रालय, भारत सरकार की पहल पर आयोजित ‘अस्मिता खेलो इंडिया सेपक टकरा लीग 2025-26’ का दो दिवसीय भव्य आयोजन 7 और 8 फरवरी को श्री करणी चिल्ड्रन एकेडमी उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में संपन्न हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खेलो इंडिया परिकल्पना के अनुरूप आयोजित इस लीग में बालिका खिलाड़ियों ने साहस, संतुलन और शानदार तालमेल का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता रही विद्यालय प्रबंधन की सक्रिय भूमिका और सुव्यवस्थित संचालन। विद्यालय परिवार की ओर से निदेशक विजेंद्र कच्छावा एवं राज कच्छावा ने आयोजन की कमान संभाली। दोनों ने न केवल प्रतियोगिता की व्यवस्थाओं को उच्च स्तर पर सुनिश्चित किया, बल्कि मारवाड़ी परंपराओं के अनुरूप सभी अतिथियों का साफा और दुपट्टा पहनाकर आत्मीय स्वागत किया। पारंपरिक आतिथ्य और आधुनिक खेल प्रबंधन का यह संतुलन आयोजन को विशिष्ट बना गया। क्षेत्र के खेल जगत में विद्यालय की इस पहल की व्यापक सराहना हो रही है।
मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी राजेश मुंडेल उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्थान सेपक टकरा संघ के अध्यक्ष टी.के. सिंह ने की। विशिष्ट अतिथियों में राजू मुंडेल, दिनेश करवासड़ा, कुंदन सिंह राजपुरोहित, सुखराम दास महाराज एवं जय सिंह राठौड़ की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई।
प्रतियोगिता के तकनीकी सलाहकार राजेंद्र सिंह चौहान के मार्गदर्शन में मुकाबले संपन्न हुए। रेफरी पैनल में सौरभ सेन, लोकेश सैन, मुकेश कुमार, फैजान और हर्ष ने निष्पक्ष निर्णय सुनिश्चित किए। बलवीर सिंह और कोच लोकेश सैन सहित विद्यालय स्टाफ ने व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
रोमांचक मुकाबलों के बाद अग्नि क्लब ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सनशाइन क्लब द्वितीय और ओजस्वी जोधपुर क्लब तृतीय स्थान पर रहे। विजेता खिलाड़ियों को मेडल और टी-शर्ट देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों की उपस्थिति ने आयोजन को जन-उत्सव का स्वरूप दे दिया। दर्शकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने यह संकेत दिया कि गोटन अब खेल गतिविधियों का उभरता केंद्र बन रहा है।
राजस्थान सेपक टकरा संघ के सचिव राजेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बन रहे हैं। गोटन में आयोजित यह लीग केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि बालिकाओं के खेल सशक्तिकरण और आत्मविश्वास की नई इबारत है—जिसकी नींव विद्यालय प्रबंधन की प्रतिबद्धता और दूरदर्शी सोच ने रखी है।

Join us on:

Leave a Comment

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now