

मेड़ता सिटी (तेजाराम लाडणवा)
मेड़ता क्षेत्र के धांधलास उदा गांव की बेटी डॉ. विश्वा चौधरी ने शिक्षा जगत में ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज कराते हुए न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र और जिले का गौरव बढ़ाया है। हरियाणा स्थित सेंट्रल यूनिवर्सिटी, महेंद्रगढ़ में उन्हें साइकोलॉजी विभाग का हेड (हेड ऑफ डिपार्टमेंट) नियुक्त किया गया है। उनकी इस नियुक्ति को शिक्षा के साथ-साथ राजनीतिक और प्रशासनिक विरासत की निरंतरता के रूप में भी देखा जा रहा है।
डॉ. विश्वा चौधरी की यह सफलता उस परिवार से जुड़ी है, जिसने दशकों से राजनीति, प्रशासन और जनसेवा में प्रदेश व देश स्तर पर पहचान बनाई है। उनके बड़े पिताजी छोटू राम चौधरी उर्फ सी.आर. चौधरी राजस्थान सरकार में एक आदर्श अधिकारी के रूप में कार्य करते हुए आरपीसी के अध्यक्ष रहे। इसके बाद वे सांसद निर्वाचित हुए और केंद्रीय मंत्री के रूप में देश की सेवा की। वर्तमान में वे राजस्थान सरकार के किसान आयोग के अध्यक्ष हैं, जहां उन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त है।
सी.आर. चौधरी की पहचान एक स्पष्ट-विचार, किसान-हितैषी और जनसमर्पित नेता के रूप में रही है। उनके नेतृत्व में परिवार ने हमेशा शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी, जिसका परिणाम आज एक के बाद एक उपलब्धियों के रूप में सामने आ रहा है।
परिवार की प्रशासनिक मजबूती भी उतनी ही सशक्त है। डॉ. विश्वा की बहन शिल्पा चौधरी वर्तमान में अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनके दामाद भी प्रशासनिक सेवा में अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। इसके अतिरिक्त परिवार के कई सदस्य डॉक्टर, प्रशासनिक अधिकारी एवं अन्य सरकारी सेवाओं में रहकर समाजसेवा कर रहे हैं।
इसी राजनीतिक समझ, प्रशासनिक अनुशासन और शैक्षणिक संस्कारों के बीच पली-बढ़ी डॉ. विश्वा चौधरी ने शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ते हुए अब अन्य राज्य के केंद्रीय विश्वविद्यालय में विभागाध्यक्ष बनकर यह साबित कर दिया कि यह परिवार हर क्षेत्र में नेतृत्व देने की क्षमता रखता है।
डॉ. विश्वा चौधरी की इस उपलब्धि को ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने की मिसाल माना जा रहा है। उनकी नियुक्ति से न केवल परिवार, बल्कि धांधलास गांव, मेड़ता क्षेत्र और पूरे जिले में गर्व और उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने इसे शिक्षा, राजनीति और प्रशासन के समन्वय से बनी सफलता की कहानी बताया है।
आपणो सिटी न्यूज़ चैनल परिवार की ओर से हार्दिक बधाई एवं उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं

Author: aapnocitynews@gmai.com



