
भामाशाहों और विद्यालय प्रबंधन ने बांटे स्वेटर।
फुलेरा(दामोदर कुमावत) बढ़ती शीत लहर और कड़ाके की ठंड को देखते हुए विद्यालय के कक्षा 1 से 7 तक के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों के चेहरों पर उस समय मुस्कान तैर गई,जब उन्हें विद्यालय की ओर से गर्म स्वेटर वितरित किए गए। बच्चों के स्वास्थ्य और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए आयोजित इस स्वेटर वितरण समारोह ने न केवल बच्चों को राहत दी, बल्कि शिक्षा के प्रति उनके उत्साह को भी दोगुना कर दिया।

विद्यार्थी हित सर्वोपरि कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए कार्यवाहक संस्था प्रधान मुकेश कुमार सोनी ने कहा, “हमारा उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और उनकी बुनियादी जरूरतों का ध्यान रखना भी है। ठंड के इस मौसम में बच्चों को कोई असुविधा न हो, इसी संकल्प के साथ यह वितरण किया गया है।”इस गरिमामयी अवसर पर SDMC सदस्य शक्ति सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यालय के इस मानवीय दृष्टिकोण की सराहना की।

कार्यक्रम की महत्ता को देखते हुए क्षेत्र के पत्रकारों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समर्पित शिक्षक स्टाफ का विशेष सहयोग रहा। विनोद कुमार वर्मा, राजेंद्र जीतरवाल, सुशीला तंवर, सीता माली और देवेंद्र सिंह ओला ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए व्यवस्थित तरीके से स्वेटर वितरण किया।

विद्यालय प्रबंधन ने अंत में संकल्प दोहराया कि भविष्य में भी विद्यार्थियों के कल्याण के लिए इस तरह के सामाजिक और रचनात्मक कार्य निरंतर जारी रहेंगे। यह कार्यक्रम न केवल सफल रहा, बल्कि समाज के लिए एक प्रेरणा बनकर संपन्न हुआ।

Author: Aapno City News



