

मेडतासिटी (तेजाराम लाडणवा)
नागौर जिला जहां इतिहास, राजनीति और पंचायत राज की परंपरा के लिए देशभर में अपनी अलग पहचान रखता है, वहीं इस बार डेगाना शहर की सर्राफा बाजार से एक ऐसी अनोखी घटना सामने आई जिसने पूरे इलाके को चर्चा का विषय बना दिया। यहां एक कबूतर ज्वैलरी की दुकान से करीब 7 ग्राम वजनी सोने की चेन चोंच में दबाकर उड़ गया, जिसकी कीमत लगभग एक लाख रुपए बताई जा रही है।
घटना गुरुवार दोपहर की बताई जा रही है। रामेश्वर प्लाजा स्थित एक ज्वैलरी दुकान के ऊपर बने कार्यस्थल पर कारीगर सामीन बंगाली सोने की चेन तैयार कर रहा था। उसी दौरान खिड़की के पास कुछ कबूतर आकर बैठ गए। कारीगर का ध्यान कुछ क्षण के लिए भटका, तभी एक कबूतर तैयार चेन को चोंच में दबाकर उड़ गया।
अचानक हुई इस घटना से सर्राफा बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के व्यापारी और दुकानदार तुरंत सतर्क हो गए और कबूतर पर नजर बनाए रखी। बताया जा रहा है कि कबूतर पास की एक छत पर जाकर बैठ गया। गर्दन हिलाने के दौरान चेन उसके गले में फंस गई और थोड़ी देर बाद उड़ान भरते समय चेन उसके मुंह से छूटकर छत पर गिर गई।
व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने काफी तलाश के बाद छत से सोने की चेन सुरक्षित बरामद कर ली, जिसके बाद सभी ने राहत की सांस ली।
व्यापारियों का कहना है कि दुकान में सोने-चांदी की सुरक्षा को लेकर हमेशा सावधानी बरती जाती है, लेकिन इस तरह की घटना उन्होंने पहली बार देखी जब कोई पक्षी ही सोने की चेन लेकर उड़ गया हो।
पूरा दिन यह अनोखी घटना डेगाना शहर ही नहीं, बल्कि नागौर जिले में भी चर्चा का विषय बनी रही। नागौर जिला जहां राजनीतिक और सामाजिक इतिहास के लिए जाना जाता है, वहीं अब यह घटना लोगों के बीच एक रोचक किस्से के रूप में जुड़ गई है।

Author: aapnocitynews@gmai.com




