[darkmysite switch="1" width_height="45px" border_radius="30px" icon_width="20px" light_mode_bg="#121116" dark_mode_bg="#ffffff" light_mode_icon_color="#ffffff" dark_mode_icon_color="#121116"]

प्लास्टिक को ना, प्रकृति को हां — जूट वेस्ट से हरियाली की मिसाल, न्यायाधीशों ने किया बीजारोपण अभियान का शुभारंभ

SHARE:


कुचामनसिटी (तेजाराम लाडणवा )
तेजी से बढ़ते प्लास्टिक प्रदूषण के बीच बरगद संरक्षण फाउंडेशन ने पर्यावरण के प्रति सजगता की एक अनुकरणीय मिसाल पेश की है। शहर के पदमपुरा रोड स्थित फाउंडेशन परिसर में शनिवार को प्लास्टिक मुक्त पर्यावरण की दिशा में जूट वेस्ट से बने कोको जूट रूट प्लांटर बैग में बीजारोपण अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया।

अभियान की शुरुआत अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश सुंदरलाल खारोल एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कामाक्षी मीणा ने बीज रोपित कर की।
इस अवसर पर न्यायाधीश सुंदरलाल खारोल ने कहा कि आज पर्यावरण के सामने सबसे बड़ा संकट प्लास्टिक प्रदूषण है, जो मिट्टी, जल और वायु तीनों को नुकसान पहुंचा रहा है। ऐसे में जूट वेस्ट जैसे प्राकृतिक व जैविक विकल्पों का उपयोग न केवल पर्यावरण को बचाएगा, बल्कि भावी पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य भी देगा। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल हरियाली नहीं, बल्कि जीवन का आधार हैं।
वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश कामाक्षी मीणा ने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक है जब वह प्रकृति के अनुकूल हो। प्लास्टिक के विकल्प के रूप में जूट से बने प्लांटर बैग पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक मजबूत कदम हैं। यह पहल समाज को यह संदेश देती है कि विकास और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ चल सकते हैं।
फाउंडेशन के निदेशक नेताराम कुमावत ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्लास्टिक से दूरी और प्रकृति से नजदीकी है। नारियल के रेशों एवं पुरानी बेकार जूट बोरियों से तैयार इन कोको जूट रूट प्लांटर बैग में पौध तैयार की जा रही है, जिन्हें बाद में ऑर्गेनिक वेस्ट से बनी कम्पोस्ट खाद युक्त गड्ढों में रोपित किया जाएगा। संपूर्ण प्रक्रिया में ड्रिप इरिगेशन प्रणाली अपनाई जा रही है, जिससे जल संरक्षण भी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बताया कि अब तक 1000 से अधिक प्लांटर बैग तैयार किए जा चुके हैं।
पर्यावरण प्रेमी डॉ. प्रदीप चौधरी ने कहा कि यह पहल क्लाइमेट रेसिलिएंट पौधारोपण और सतत कृषि को बढ़ावा देने वाली है। प्लास्टिक के बजाय जूट जैसे जैविक पदार्थों का उपयोग पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में मील का पत्थर साबित होगा।
कार्यक्रम में जीएसटी इंस्पेक्टर राजेश कुमावत, लायंस क्लब कुचामन फोर्ट से राम काबरा, समाजसेवी सुभाष, अध्यापक चेनाराम कुमावत, नवनीत कुमावत, सिकंदर खान, प्रकाश, रुपाराम सहित अनेक गणमान्य नागरिक व पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि यदि समाज ठान ले, तो प्लास्टिक मुक्त और हरित भविष्य कोई सपना नहीं, बल्कि साकार होने वाला सच है। 

Join us on:

Leave a Comment

शहर चुनें

Follow Us Now

Follow Us Now