
मेड़ता सिटी ( तेजाराम लाडणवा )



मीरा नगरी मेड़ता सिटी में विश्वकर्मा जयंती का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विश्वकर्मा मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की गई, वहीं रात्रि में भव्य जागरण का आयोजन हुआ, जिसमें भजनों की मधुर प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को देर रात तक बांधे रखा।
जयंती के उपलक्ष्य में विश्वकर्मा भवन से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में वाहनों के साथ भजन-कीर्तन करते हुए विश्वकर्मा भगवान की आकर्षक झांकी सजाई गई। जांगिड़ समाज के श्रद्धालु भक्ति गीतों का गायन करते हुए शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरे और अंत में जांगिड़ भवन पहुंचकर शोभायात्रा का समापन हुआ।
शोभायात्रा के स्वागत में शहरवासियों और व्यापारियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया। बैंड-बाजे की मधुर धुनों पर युवा उत्साह के साथ थिरकते नजर आए, वहीं बुजुर्ग श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए पूरे मार्ग में शोभायात्रा के साथ चलते रहे।
पूरे आयोजन के दौरान शहर में धार्मिक उल्लास का वातावरण रहा और विश्वकर्मा जयंती का पर्व आपसी भाईचारे व सामाजिक एकता का संदेश देता नजर आया।

Author: aapnocitynews@gmai.com




