
फुलेरा (दामोदर कुमावत) नकबजनी के एक मामले में फुलेरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए सफलता हासिल की है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 49 हजार 500 रुपये बरामद किए है।वहीं एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

थानाधिकारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि 8 जनवरी 2026 को एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उसके मकान का ताला तोड़कर सोने- चांदी के आभूषण व नकद 25 हजार रुपये चोरी कर लिए। मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक जयपुर ग्रामीण के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवलाल बैरवा तथा वृत्ताधिकारी सांभरलेक अनुपम मिश्रा के सुपरविजन में गठित टीम ने तकनीकी व मुखबिर सूचना के आधार पर दो आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की।
पुलिस ने मंगलचंद रैगर निवासी नेहरू कॉलोनी सांभरलेक तथा विशाल गवारिया निवासी भेरू की ढाणी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों से चोरी की वारदात का खुलासा हुआ। आरोपियों की निशानदेही पर 49,500 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार प्रकरण में एक आरोपी रोहित फरार है, जिसकी तलाश जारी है। मामले में आगे की जांच की जा रही है। कार्रवाई में थानाधिकारी राजेंद्र कुमार, आईपीएस “प्रशिक्षु” नीरज गुप्ता, एएसआई कमलबीर,कांस्टेबल राजेंद्र कुमार व कांस्टेबल सरदार की विशेष भूमिका रही।

Author: Aapno City News





