

जयपुर ( तेजाराम लाडणवा )
जयपुर शहर के हरमाड़ा क्षेत्र स्थित नींदड़ मोड़ के पास रविदास कॉलोनी में नवनिर्मित बाबा रामदेव जी मंदिर के उद्घाटन एवं प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। आगामी 15 फरवरी 2026 को आयोजित होने वाले इस भव्य धार्मिक आयोजन को लेकर भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती स्टेफी चौहान ने प्रदेश के शीर्ष संवैधानिक पदाधिकारियों, मंत्रियों एवं पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें औपचारिक निमंत्रण पत्र प्रदान किए।
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता स्टेफी चौहान ने राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सहित प्रदेश सरकार के मंत्रियों एवं भाजपा संगठन के पदाधिकारियों से मुलाकात कर बाबा रामदेव जी मंदिर उद्घाटन के अवसर पर पधारने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य सनातन संस्कृति, लोक आस्था और सामाजिक समरसता को सशक्त करना है।
इस अवसर पर स्टेफी चौहान ने कहा कि बाबा रामदेव जी लोकदेवता के रूप में जन-जन की आस्था के केंद्र हैं और उनका यह मंदिर क्षेत्र में धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक चेतना का नया केंद्र बनेगा। उन्होंने बताया कि मंदिर उद्घाटन के साथ ही बाबा रामदेव जी, शिव परिवार एवं अन्य देवी-देवताओं की मूर्तियों की वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी।
भव्य धार्मिक आयोजन की रूपरेखा
कार्यक्रम की शुरुआत 14 फरवरी 2026 को प्रातः 8:15 बजे श्रीरामायण पाठ से होगी। मुख्य आयोजन दिवस 15 फरवरी 2026 को प्रातः 8:15 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें पारंपरिक परिधान में श्रद्धालु महिलाएं भाग लेंगी। इसके पश्चात मंदिर परिसर में मूर्तियों की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न होगी। श्रद्धालुओं के लिए दोपहर 12 बजे से विशाल भोजन प्रसादी की व्यवस्था रहेगी। शाम 6 बजे से भव्य भजन संध्या आयोजित होगी, जिसमें प्रसिद्ध भजन कलाकार कौशल्या रामावत (बीकानेर) एवं जीतू माली पोकरण (रामदेवरा) प्रस्तुतियां देंगे।
प्रदेश प्रवक्ता स्टेफी चौहान ने बताया कि यह आयोजन उनके परिवार द्वारा पूर्ण श्रद्धा, आस्था एवं सेवा भाव से किया जा रहा है। उन्होंने समस्त श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि बाबा रामदेव जी मंदिर में होने जा रहा यह आयोजन धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सनातन परंपराओं को समर्पित एक ऐतिहासिक महोत्सव के रूप में क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा।


Author: aapnocitynews@gmai.com





