

मेड़ता सिटी (तेजाराम लाडणवा)
मेड़ता विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को लेकर विधायक लक्ष्मण राम कलरु ने जयपुर सचिवालय स्थित कार्यालय में प्रदेश की उपमुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री दीया कुमारी से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट को लेकर मेड़ता क्षेत्र से जुड़ी महत्वपूर्ण विकासात्मक मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई।
विधायक कलरु ने उपमुख्यमंत्री के समक्ष मेड़ता विधानसभा क्षेत्र की जमीनी जरूरतों को रखते हुए विशेष रूप से सड़क निर्माण, आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण, सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार एवं अन्य जनहितकारी योजनाओं के लिए बजट में पर्याप्त प्रावधान की मांग की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कई ऐसे विकास कार्य लंबित हैं, जिनके पूर्ण होने से आमजन को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र की विकास गति को नई दिशा मिलेगी।
मुलाकात के दौरान उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने विधायक द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों को गंभीरता से सुना और उन पर सकारात्मक विचार किए जाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के सभी क्षेत्रों के संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है और जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई मांगों पर प्राथमिकता से विचार किया जाएगा।
इस शिष्टाचार मुलाकात के बाद मेड़ता विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों में उम्मीद की नई किरण जगी है कि आगामी बजट सत्र में मेड़ता को विकास कार्यों के लिए विशेष तवज्जो मिलेगी और लंबे समय से प्रतीक्षित योजनाएं धरातल पर उतरेंगी।

Author: aapnocitynews@gmai.com




