
मेड़ता सिटी, तेजाराम लाडणवा
राजस्थान सरकार के स्वायत्त शासन विभाग, जयपुर द्वारा राज्य के कई नगरीय निकायों में निर्वाचित बोर्डों के कार्यकाल पूर्ण होने पर प्रशासक नियुक्त करने संबंधी अधिसूचना जारी की गई है। अधिसूचना दिनांक 20 जनवरी, 2026 को जारी की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्य के विभिन्न नगर निगम, नगर परिषद एवं नगर पालिकाओं में जनवरी–फरवरी 2026 के मध्य बोर्डों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। इस अवधि में निर्वाचित बोर्डों के अभाव में संबंधित प्रशासन को अस्थायी रूप से कार्यभार सौंपा गया है।
अधिसूचना के अनुसार नगर निगमों में संबंधित संभागीय आयुक्त, अन्य नगर निगमों में जिला कलेक्टर, जिला स्तरीय नगर परिषदों में अतिरिक्त जिला कलेक्टर तथा शेष निकायों में उपखण्ड अधिकारी को प्रशासक नियुक्त किया गया है। ये प्रशासक आगामी बोर्ड गठन तक नगर निकायों की शक्तियों का प्रयोग करते हुए कार्य-व्यवहार संचालित करेंगे।
नागौर एवं डीडवाना–कुचामन जिले के नगरीय निकाय शामिल
अधिसूचना में अजमेर संभाग के अंतर्गत आने वाले नागौर जिले के मेड़ता सिटी, कुचेरा, मूण्डवा एवं डेगाना निकाय सम्मिलित किए गए हैं।
वहीं नवगठित डीडवाना–कुचामन जिले में कुचामन सिटी, परबतसर, डीडवाना, लाडनू एवं नावां नगर निकायों में भी बोर्डों का कार्यकाल पूर्ण होने पर प्रशासक व्यवस्था लागू की गई है।
राज्य के अन्य जिलों में भी प्रभाव
अधिसूचना का प्रभाव अजमेर, टोंक, चूरू, हनुमानगढ़, सीकर, झुंझुनू, पाली, जालौर, बूंदी, झालावाड़, उदयपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, राजसमंद, डूंगरपुर एवं बीकानेर जिलों के अनेक नगरीय निकायों पर भी पड़ा है।
चुनावी प्रक्रिया पूर्ण होने तक प्रशासक जिम्मेदार
आगामी चुनावी प्रक्रिया के पूर्ण होने तक संबंधित प्रशासक निकायों में शहरी विकास, जनसुविधा, कर, सफाई व्यवस्था, राजस्व, ठेके एवं योजनाओं से जुड़ा संपूर्ण दायित्व संभालेंगे। अधिसूचना में उल्लेख है कि प्रशासक को इस अवधि में नगरपालिका समझा जाएगा।
यह आदेश राज्यपाल की आज्ञा से तथा प्रतीक चन्द्रशेखर, निदेशक एवं विशिष्ट, स्वायत्त शासन विभाग, राजस्थान द्वारा जारी किया गया।


Author: aapnocitynews@gmai.com




